ताश के पत्तों पर लग रही थी किस्मत की बाजी… तभी पहुंच गई पुलिस, 5 जुआरी दबोचे गए” “उदउदा में सजी थी जुए की महफिल, ‘ऑपरेशन अंकुश’ ने पलभर में बिखेरा पूरा खेल”



Mukesh Kumar Agarwal
रायगढ़ जिले में “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम उदउदा में संचालित काट-पत्ती जुए के फड़ का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस की अचानक दबिश से जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर 5 जुआरियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
मौके से ₹17,650 की नकदी, 52 पत्ती ताश, जुआ फड़ में इस्तेमाल सामग्री और करीब ढाई लाख रुपये कीमत के 8 दोपहिया वाहन जब्त किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ संचालकों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उदउदा के आगे आम रास्ते पर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और मौके से उमेश देवनाथ, कालीचरण साह, मधुसूदन मंडल, सुशांत दास और ओमप्रकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की धारा 170 के तहत भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
धरमजयगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे तत्वों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।