सुबह-सुबह बस्ती में मौत बनकर घुसा हाथी, दुधमुंही बच्ची के सामने मां को पटक-पटक कर मार डाला धरमजयगढ़ के तालगांव में मचा कोहराम, हाथी के तांडव से दहशत… वन विभाग की गाड़ी पर भी किया हमला

 

 मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव/धरमजयगढ़। जिले के हाथी प्रभावित क्षेत्र धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू वन परिक्षेत्र अंतर्गत तालगांव में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सुबह करीब 4 बजे एक जंगली हाथी अचानक बस्ती में घुस आया और जमकर उत्पात मचाने लगा। हाथी के आतंक से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों से निकलकर इधर-उधर भागने लगे, लेकिन इसी भगदड़ के बीच एक महिला हाथी के हमले का शिकार हो गई।

मृतका की पहचान तालगांव निवासी शकुंतला बाई के रूप में हुई है। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि जब हाथी ने महिला पर हमला किया, उस समय उसकी दुधमुंही बच्ची भी उसके साथ थी। मां की आंखों के सामने बच्ची का सहारा छिन जाने की इस घटना ने पूरे गांव को गम और दहशत में डुबो दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र हाथी ने वन विभाग के वाहन पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे कुछ समय तक रेस्क्यू कार्य भी प्रभावित रहा।

वन अमले ने किसी तरह घायल महिला को कापू अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को बस्ती से जंगल की ओर खदेड़ा जा सका।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। वहीं मृतका के परिजनों को शासन की ओर से मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह घटना एक बार फिर मानव और वन्यजीव संघर्ष की गंभीर तस्वीर सामने लाती है। लगातार आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button