


सड़क हादसों पर आईजी का सख्त एक्शन! अब ब्लैक स्पॉट होंगे सुरक्षित, डायल-112 पहुंचेगी और तेज़, पूरे सरगुजा रेंज में चलेगा जशपुर मॉडल
आईजी दीपक कुमार झा की हाई लेवल समीक्षा बैठक, ई-चालान, ब्लैक स्पॉट सुधार, डायल-112 रिस्पॉन्स टाइम और जन-जागरूकता अभियान पर दिए कड़े निर्देश।
अंबिकापुर। सरगुजा रेंज में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर अब पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक कुमार झा ने सड़क सुरक्षा और डायल-112 की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साफ शब्दों में निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हर स्तर पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, डायल-112 के रिस्पॉन्स टाइम, ई-चालान व्यवस्था और यातायात जागरूकता अभियान को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
ब्लैक स्पॉट्स पर चलेगा सुधार अभियान
आईजी ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, वहां राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर तत्काल सुधार कार्य कराए जाएं। तीखे मोड़ों को सुरक्षित बनाया जाएगा, गड्ढों की मरम्मत होगी, बड़े चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, रिफ्लेक्टिव साइन, रोड मार्किंग और रंबल स्ट्रिप्स जैसी व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से विकसित की जाएंगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि एनएच-43 के नावापारा ब्लैक स्पॉट, सम्राट पेट्रोल पंप के पास तथा कटनी–गुमला मार्ग के लुण्ड्रा चौक पर किए गए सुधारों से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। आईजी ने इन मॉडलों को पूरे सरगुजा रेंज में लागू करने के निर्देश दिए।
डायल-112 को बनाया जाएगा और तेज़
आईजी दीपक कुमार झा ने स्पष्ट कहा कि दुर्घटना या आपात स्थिति में हर मिनट कीमती होता है। इसलिए सूचना मिलते ही पुलिस की टीम बिना देरी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराए। उन्होंने निजी एम्बुलेंस सेवाओं को भी GPS ट्रैकिंग से जोड़ने और पुलिस कंट्रोल रूम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
अब हर जिले में होगा ई-चालान
बैठक में पाया गया कि फिलहाल सरगुजा और एमसीबी जिलों में ई-चालान प्रणाली प्रभावी रूप से संचालित हो रही है। आईजी ने निर्देश दिए कि रेंज के सभी जिलों में अधिकारियों को प्रशिक्षण देकर ई-चालान व्यवस्था लागू की जाए, ताकि यातायात नियम तोड़ने वालों पर डिजिटल और पारदर्शी कार्रवाई हो सके।

जशपुर मॉडल पूरे रेंज में लागू होगा
यातायात जागरूकता के क्षेत्र में जशपुर पुलिस द्वारा एक ही दिन में 766 गांवों में जन-चौपाल आयोजित कर हेलमेट, सीट बेल्ट और सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की पहल की आईजी ने खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अब सरगुजा रेंज के सभी जिले इसी मॉडल पर बड़े पैमाने पर अभियान चलाएं। स्कूल-कॉलेज, हाट-बाजार, सार्वजनिक स्थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।
‘राह-वीर योजना’ का भी होगा व्यापक प्रचार
आईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत सरकार की राह-वीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की समय पर मदद करने के लिए आम नागरिक आगे आएं और सड़क हादसों में होने वाली मौतों को कम किया जा सके।
सरगुजा रेंज में सड़क सुरक्षा को लेकर अब सख्ती का दौर शुरू हो चुका है। आईजी दीपक कुमार झा के निर्देशों के बाद ब्लैक स्पॉट्स की तस्वीर बदलेगी, डायल-112 और तेज़ होगी तथा जशपुर का सफल ट्रैफिक जागरूकता मॉडल अब पूरे रेंज में लागू किया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने और लोगों को समय पर राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।