“बाइकर्स गैंग पर सरगुजा पुलिस का ‘हंटर’! एक ही दिन में 158 बाइक जब्त, स्टंटबाजों में मचा हड़कंप”



मुकेश अग्रवाल
एसएसपी राजेश अग्रवाल के सख्त निर्देश पर जिलेभर में चला मेगा अभियान, नाबालिग चालकों के परिजनों को थाने बुलाकर लगाई कड़ी फटकार, नियम तोड़े तो अब होगी सख्त कानूनी कार्रवाई।
अंबिकापुर। सरगुजा में सड़कों पर स्टंट दिखाकर दहशत फैलाने वाले बाइकर्स गैंग पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि पूरे जिले में हड़कंप मच गया। एसएसपी राजेश अग्रवाल के सख्त निर्देश पर पुलिस ने एक साथ कई थाना क्षेत्रों में मेगा चेकिंग अभियान चलाकर 158 बाइकों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद तेज रफ्तार, मॉडिफाइड साइलेंसर और स्टंटबाजी करने वाले युवाओं में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
पिछले दिनों कमलेश्वरपुर क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए और ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आए थे। वीडियो सामने आते ही एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कमलेश्वरपुर, दरिमा, मणिपुर, कोतवाली अंबिकापुर और यातायात शाखा को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए।
पुलिस ने जिलेभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए यातायात शाखा ने 50, कमलेश्वरपुर ने 55, दरिमा ने 40, कोतवाली ने 8 और मणिपुर ने 5 वाहनों पर कार्रवाई की। कुल 158 बाइक और वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को थाने बुलाकर सख्त समझाइश दी गई। पुलिस ने साफ चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा नाबालिग वाहन चलाते पाए गए तो केवल चालान नहीं, बल्कि कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी, स्टंटबाजी, मॉडिफाइड साइलेंसर से शोर मचाने और आम नागरिकों को परेशान करने वालों के खिलाफ अब बिना किसी ढील के कार्रवाई होगी।
📞 पुलिस की अपील: यदि किसी भी पर्यटन स्थल या सड़क पर बाइकर्स गैंग द्वारा स्टंट, सड़क जाम या तेज आवाज वाले साइलेंसर से लोगों को परेशान किया जा रहा हो तो तत्काल डायल 112 या 9479193599 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और तत्काल कार्रवाई की जाएगी।