“ऑपरेशन प्रहार का डबल अटैक: 6.5 टन संदिग्ध कबाड़ के साथ दो मालवाहक वाहन जब्त, ₹28.48 लाख की संपत्ति पुलिस के कब्जे में” रायगढ़ पुलिस का कबाड़ माफिया पर शिकंजा और कसा, लैलूंगा-छाल पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप, दो चालकों पर कानूनी कार्रवाई।



“मुकेश अग्रवाल
रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” ने एक बार फिर कबाड़ माफिया की कमर तोड़ दी है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा और छाल पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़, एक 14 चक्का ट्रक और एक माजदा वाहन सहित ₹28.48 लाख की संपत्ति जब्त कर ली। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
लैलूंगा में 14 चक्का ट्रक पकड़ा, 4.5 टन कबाड़ जब्त
09 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने पुलिस टीम के साथ खम्हार मोड़ मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी की। इस दौरान CG-14 MF-0223 नंबर के 14 चक्का ट्रक को रोककर जांच की गई। चालक महेन्द्र लहरे (36 वर्ष) निवासी गोढ़ीकला, थाना पत्थलगांव, कबाड़ परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में ट्रक से करीब 4.5 टन लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1.08 लाख तथा ट्रक की कीमत ₹15 लाख आंकी गई। पुलिस ने कुल ₹16.08 लाख की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की।
छाल पुलिस का लगातार दूसरे दिन भी वार, माजदा सहित 2 टन कबाड़ जब्त
उधर छाल पुलिस ने लगातार दूसरे दिन भी अवैध कबाड़ परिवहन पर सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम बोजिया के पास CG-12 AZ-3191 नंबर की माजदा को रोककर तलाशी ली। वाहन चालक भूपेन्द्र यादव (36 वर्ष) निवासी ढोढ़ीपारा, कोरबा, कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
वाहन से करीब 2 टन लोहे का कबाड़, जिसमें छड़, एंगल और वाहनों के टूटे-फूटे पार्ट्स शामिल थे, बरामद किया गया। पुलिस ने ₹40 हजार मूल्य का कबाड़ और ₹12 लाख कीमत का माजदा वाहन जब्त कर कुल ₹12.40 लाख की संपत्ति अपने कब्जे में ली और वैधानिक कार्रवाई की।
कबाड़ माफिया के पूरे नेटवर्क पर पुलिस की नजर
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” केवल अवैध कबाड़ जब्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि कबाड़ के स्रोत, उसके मालिकों और चोरी के माल से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से कबाड़ कारोबारियों में भय का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि अवैध कबाड़ का कारोबार चोरी और संगठित अपराधों की बड़ी कड़ी है। बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।