पालीडीह में गरीब महिला के पक्के घर का सपना टूटा, शिकायत मिलते ही CEO के.के. श्रीवास का बड़ा एक्शन, पुलिस को सौंपा प्रतिवेदन।

मुकेश अग्रवाल

  • पालीडीह में गरीब महिला के पक्के घर का सपना टूटा, शिकायत मिलते ही CEO के.के. श्रीवास का बड़ा एक्शन, पुलिस को सौंपा प्रतिवेदन

पत्थलगांव।

पत्थलगांव जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पालीडीह में प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित गड़बड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव की मूक-बधिर महिला असंती बाई के पक्के घर का सपना उस समय चकनाचूर हो गया, जब आरोप है कि मेट रात्रिका नंद सिदार ने योजनाबद्ध तरीके से आवास की राशि का अपनी साली के नाम पर गुपचुप आहरण कर लिया।

बताया जा रहा है कि असंती बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान स्वीकृत हुआ था, लेकिन लाभार्थी तक राशि पहुंचने के बजाय कथित रूप से दूसरे के खाते से निकाल ली गई। जब इस पूरे खेल की भनक ग्रामीणों को लगी तो गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीण सीधे मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के.के. श्रीवास के पास शिकायत लेकर पहुंचे।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए CEO के.के. श्रीवास ने तत्काल मामले की जांच कराई। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हुआ कि मेट रात्रिका नंद सिदार द्वारा मूक-बधिर महिला के प्रधानमंत्री आवास की राशि का अनियमित तरीके से आहरण किया गया है। इसके बाद CEO ने बिना देर किए पत्थलगांव थाना में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के लिए प्रतिवेदन भेज दिया।

अब पूरे क्षेत्र की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि गरीब और दिव्यांग महिला के आशियाने की रकम पर डाका डालने के आरोपी मेट रात्रिका नंद सिदार आखिर कब सलाखों के पीछे पहुंचेगा?

इधर, मामले में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के.के. श्रीवास द्वारा की गई त्वरित और सख्त कार्रवाई की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि यदि हर शिकायत पर इसी तरह निष्पक्ष कार्रवाई हो, तो सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button