प्रशासन की संवेदनशील पहल से दो घंटे में बना दिव्यांगता प्रमाण पत्र, बेटी श्रुति का एकलव्य विद्यालय में प्रवेश हुआ सुनिश्चित  समय पर मिली प्रशासनिक सहायता से बचा प्रवेश, पिता ने जताया आभार

मुकेश अग्रवाल

 

जशपुर जिला प्रशासन की त्वरित और संवेदनशील कार्यशैली का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। ग्राम लोखंडी, पोस्ट जशपुर निवासी दिव्यांग  अश्विन लकड़ा का दिव्यांगता प्रमाण पत्र महज दो घंटे के भीतर जारी कर दिया गया, जिससे उनकी पुत्री श्रुति लकड़ा का एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 6वीं में प्रवेश समय पर सुनिश्चित हो सका।

अश्विन लकड़ा ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी पुत्री का एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में चयन हो चुका है। काउंसलिंग के दौरान विद्यालय द्वारा उनके दिव्यांगता प्रमाण पत्र की मांग की गई थी, जबकि काउंसलिंग की अंतिम तिथि निकट थी। ऐसे में उन्होंने तत्काल प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने उप संचालक समाज कल्याण  धर्मेन्द्र कुमार साहू को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही समाज कल्याण विभाग ने मामले को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की।

जांच में पाया गया कि  अश्विन लकड़ा लकवा से दिव्यांग हैं तथा अस्थि रोग विशेषज्ञ द्वारा उनके लिए दो वर्ष की अवधि का अस्थायी दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाने हेतु मूल्यांकन किया जा चुका था। हालांकि, यूडीआईडी पोर्टल में तकनीकी समस्या के कारण प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहा था। समाज कल्याण विभाग ने राज्य स्तरीय यूडीआईडी समन्वयक से समन्वय स्थापित कर तकनीकी समस्या का समाधान कराया। ऑपरेटर परिवर्तन के कारण उत्पन्न ओटीपी संबंधी बाधा का भी त्वरित निराकरण किया गया।

सभी आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद मात्र दो घंटे के भीतर श्री अश्विन लकड़ा का दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इसके फलस्वरूप उनकी पुत्री श्रुति लकड़ा की काउंसलिंग समय पर संपन्न हुई और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 6वीं में उसका प्रवेश सुनिश्चित हो गया।

समय पर मिली इस सहायता से भावुक  अश्विन लकड़ा ने जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की तत्परता से उनकी बेटी का भविष्य सुरक्षित हो सका।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button