“भागता रहा मास्टरमाइंड… लेकिन ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के जाल से नहीं बच पाया!”



Mukesh Agrawal
एक महीने से पुलिस को दे रहा था चकमा, KIA कार में भागते वक्त साइबर और लैलूंगा पुलिस ने घेरकर दबोचा, ₹10.17 लाख की संपत्ति जब्त।
रायगढ़।
रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 किलो गांजा तस्करी के मास्टरमाइंड शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले महीने ₹1.86 करोड़ की गांजा खेप पकड़ाने के बाद से फरार चल रहा शुभम आखिरकार पुलिस के मजबूत तकनीकी जाल और घेराबंदी से बच नहीं सका।
साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को कुंजारा के पास KIA कार से भागते समय फिल्मी अंदाज में घेरकर दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से KIA कार, मोबाइल, एटीएम कार्ड, नकदी और अन्य सामान सहित ₹10.17 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शुभम यादव केवल तस्कर नहीं, बल्कि पूरे अंतरराज्यीय गांजा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड है। 5 जून को उड़ीसा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही करीब 300 किलो गांजा की खेप पकड़े जाने के बाद गिरफ्तार आरोपियों ने इसी के इशारे पर पूरे नेटवर्क के संचालन का खुलासा किया था।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर सेल और लैलूंगा पुलिस ने मोबाइल की तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। जैसे ही सूचना मिली कि वह KIA कार से रायगढ़ में घूम रहा है, पुलिस ने चारों ओर नाकेबंदी कर उसे धर दबोचा।
पुलिस का कहना है कि अब कार्रवाई सिर्फ गांजा पकड़ने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे ड्रग्स नेटवर्क, फाइनेंसरों और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एक-एक कड़ी तोड़ी जाएगी
“एनडीपीएस के हर मामले में रायगढ़ पुलिस केवल गांजा जब्त करने तक सीमित नहीं है। तस्करी के पूरे नेटवर्क, वित्तीय लाभार्थियों और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है। नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा
शशि मोहन सिंह पुलिस अधीक्षक