कबाड़ माफियाओं की कमर तोड़ने उतरी पुलिस, ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलताबिना दस्तावेज दौड़ रहा था 8.5 टन कबाड़, छाल पुलिस ने बीच रास्ते दबोचा

मुकेश अग्रवाल

रायगढ़। जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत छाल पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ और उसे परिवहन कर रहे महिंद्रा 6 चक्का वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 22 लाख रुपये की संपत्ति अपने कब्जे में ली है। इससे पहले छाल पुलिस ने अवैध शराब पर कार्रवाई की थी और अब कबाड़ माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना बैरियर पर नाकाबंदी की। इसी दौरान CG-12 BD-1623 नंबर के महिंद्रा 6 चक्का वाहन को रोककर जांच की गई।

तलाशी में वाहन के भीतर तिरपाल से ढंका हुआ भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीना एवं अन्य कबाड़ मिला। चालक से परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम तौफिक खान (19 वर्ष), निवासी कोरबा बताया। दस्तावेजों के अभाव और कबाड़ संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने लगभग 8.5 टन लोहे का स्क्रैप (कीमत करीब 2 लाख रुपये) तथा 20 लाख रुपये मूल्य का महिंद्रा 6 चक्का वाहन जब्त कर लिया।

आरोपी के खिलाफ धारा 35(क), 35(ड) बीएनएसएस तथा धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कबाड़ कहां से लाया गया और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

 

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “अवैध कबाड़ का कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्तियों से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसे नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय, आरक्षक राजेश राठौर, सतीश जगत, भगवती प्रसाद लक्ष्मे सहित थाना छाल की पूरी टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button