बैंक के बाहर घात, पलभर में लाखों पार! तमनार पुलिस के शिकंजे में उठाईगिरी गैंग का मास्टरमाइंड

तीन वारदातों में ₹2.44 लाख उड़ाने वाला हरि उर्फ विशाल नट गिरफ्तार, साथी पहले ही पकड़ा जा चुका, दो अपाचे बाइक और डिक्की तोड़ने के औजार बरामद।

 

 

मुकेश अग्रवाल

तमनार। बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की उठाईगिरी करने वाले गिरोह का आखिरकार तमनार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। लंबे समय से फरार चल रहा गिरोह का मास्टरमाइंड हरि उर्फ विशाल नट अब पुलिस के शिकंजे में है। आरोपी ने अपने साथी धर्मेन्द्र नट के साथ मिलकर तमनार क्षेत्र में एक के बाद एक तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था और कुल ₹2 लाख 44 हजार की रकम पार कर दी थी।

 

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत आरोपी को जिला जेल बैकुंठपुर से प्रोडक्शन वारंट पर तमनार लाया गया। पूछताछ में उसने तीनों वारदातों में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की रकम का हिस्सा बांटकर अधिकांश पैसा जुए और मौज-मस्ती में उड़ा दिया।

 

बैंक से निकले… और बन गए गिरोह के निशाने

 

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक से नकदी निकालने वाले लोगों पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही कभी होटल के बाहर बाइक में टंगे बैग पर हाथ साफ कर देते, तो कभी बस स्टैंड पर झपकी ले रहे बुजुर्ग का थैला पार कर देते। इतना ही नहीं, तहसील कार्यालय के बाहर बाइक की डिक्की तोड़कर दो लाख रुपये तक उड़ा लिए।

 

सीसीटीवी बना सबसे बड़ा गवाह

 

लगातार हो रही उठाईगिरी की घटनाओं के बाद तमनार पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पहले धर्मेन्द्र नट गिरफ्तार हुआ, जिसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो अपाचे मोटरसाइकिल और डिक्की तोड़ने के लोहे के औजार बरामद किए गए। इसके बाद गिरोह के मास्टरमाइंड हरि उर्फ विशाल नट को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

 

तीन वारदातें, एक ही गैंग

 

– 9 अप्रैल: अपेक्स बैंक से ₹20 हजार निकालने वाले व्यक्ति का बैग होटल के बाहर पार।

– 14 मई: बस का इंतजार कर रहे बुजुर्ग के थैले से ₹24 हजार चोरी।

– 8 जून: तहसील कार्यालय के बाहर बाइक की डिक्की तोड़कर ₹2 लाख की नकदी पार।

 

पुलिस टीम की सराहनीय सफलता

 

पूरे मामले का खुलासा थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में गठित टीम ने किया। प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, हेम प्रकाश सोन और आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार की सक्रिय भूमिका से पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंचने और पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में सफल रही।

 

आरोपी: हरि उर्फ विशाल नट (41 वर्ष), निवासी ग्राम गाला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button