कांसाबेल में अवैध खाद का बड़ा खेल बेनकाब! 240 बोरी खाद जब्त, दस्तावेज छीनकर फरार हुआ कारोबारीकृषि विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, गोदाम सील, ट्रक थाने में खड़ा, पूरे मामले की रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी गई

 

मुकेश अग्रवाल

 

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव/कांसाबेल। जिले में अवैध खाद कारोबार पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार सुबह कांसाबेल विकासखंड के ग्राम पूसरा में छापेमार कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने 240 बोरी संदिग्ध खाद जब्त कर गोदाम को मौके पर ही सील कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, खाद से भरा ट्रक उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से ग्राम पूसरा पहुंचा था। जांच के दौरान कृषि विभाग ने ट्रक चालक से खाद परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, जिस पर चालक ने हरिहर यादव, पिता महेश्वर राम यादव, ग्राम पंडरीपानी, तहसील बगीचा, जिला जशपुर के नाम के दस्तावेज प्रस्तुत किए।

इसी बीच खाद उतरवाने का काम कर रहे उदल कुमार ने जैसे ही कृषि विभाग और पुलिस की टीम को देखा, वह ट्रक चालक से बिल और चालान छीनकर मौके से फरार हो गया। इस घटनाक्रम ने पूरे मामले को और भी संदिग्ध बना दिया।

कृषि विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 240 बोरी खाद जब्त कर गोदाम सील कर दिया, जबकि ट्रक को सुरक्षा की दृष्टि से थाने में खड़ा कराया गया। पूरे मामले का प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर जशपुर को भेज दिया गया है। अब यह जांच का विषय है कि खाद का वास्तविक मालिक कौन है, इसे बिना वैध प्रक्रिया के क्यों लाया गया और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं।

इस कार्रवाई में आर.के. पैंकरा (एसडीओ कृषि, पत्थलगांव), नरोत्तम यादव (वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी), मिथुन चौधरी (उर्वरक निरीक्षक), सुरेश सोरेन, मनीष लकड़ा, शैलजा साय, कमला चौहान एवं वंदना पैंकरा सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी कब होती है और जांच में अवैध खाद कारोबार के कौन-कौन से चेहरे बेनकाब होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button