ऑपरेशन प्रहार” का बड़ा वार: 20.25 लाख का संदिग्ध स्क्रैप लदा ट्रक जब्त, अवैध कबाड़ कारोबारियों में मचा हड़कंप



मुकेश अग्रवाल
रायगढ़। अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए 20.25 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध लोहे का स्क्रैप और उसे परिवहन कर रहे 12 चक्का टाटा ट्रक को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई से अवैध स्क्रैप कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुनकुरी से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लेकर एक ट्रक पूंजीपथरा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तमनार चौक पर घेराबंदी कर CG-14-D-0528 नंबर के 12 चक्का ट्रक को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुलतान खान (58 वर्ष), निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी बताया।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें करीब 7.5 टन लोहे का स्क्रैप मिला। जब पुलिस ने स्क्रैप के वैध दस्तावेज मांगे तो चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव और चोरी की संपत्ति होने के संदेह के आधार पर पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए स्क्रैप और ट्रक को जब्त कर लिया।
पुलिस ने ₹5.25 लाख मूल्य का 7.5 टन लोहे का स्क्रैप तथा ₹15 लाख कीमत का 12 चक्का टाटा ट्रक जब्त किया। इस तरह कुल ₹20.25 लाख की संपत्ति पुलिस के कब्जे में ली गई।
आरोपी सुलतान खान के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह तथा आरक्षक राजेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़, चोरी की संपत्ति और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ का परिवहन अथवा कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।