कलेक्टर ने पीएम श्री विद्यालय पत्थलगांव का किया निरीक्षण, ‘The Second Orbit’ पुस्तक का वितरण कर विद्यार्थियों को किया प्रेरित

मुकेश अग्रवाल

जिला कलेक्टर ने आज पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पत्थलगांव का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, स्मार्ट कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शिक्षण व्यवस्था का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के प्रेरणादायक अंतरिक्ष मिशन पर आधारित ब्रांडिंग अभियान के अंतर्गत “The Second Orbit” पुस्तक की 10 प्रतियाँ विद्यार्थियों को वितरित की गईं। कलेक्टर महोदय ने विद्यार्थियों से कहा कि ऐसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों के जीवन से सीख लेकर विज्ञान, नवाचार एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प लें।

इस अवसर पर पीएम श्री विद्यालय के शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त टॉप-5 मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

इसके पश्चात स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पत्थलगांव का भी निरीक्षण किया गया। विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, स्वच्छता एवं अधोसंरचना का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), तहसीलदार , विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी), विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, नवाचार आधारित एवं भविष्य उन्मुख शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की भावना तथा उत्कृष्टता की संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button