जशपुर पुलिस का ‘मोबाइल मिशन’ सफल: 51 गुम मोबाइल खोजकर लौटाए, मालिकों के चेहरों पर लौटी एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने खुद सौंपे मोबाइल, कहा- मोबाइल सिर्फ फोन नहीं, आपकी पूरी डिजिटल पहचान है

 मुकेश अग्रवाल 

पत्थलगांव जशपुर। जशपुर पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि तकनीक और तत्परता के दम पर आम नागरिकों की खोई हुई खुशियां वापस लाई जा सकती हैं। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 51 मोबाइल फोन को खोज निकालकर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

मोबाइल वापस मिलने पर कई लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जिन लोगों ने अपने मोबाइल खोने की उम्मीद छोड़ दी थी, उनके लिए यह किसी बड़े उपहार से कम नहीं था। कार्यक्रम के दौरान भावुक माहौल भी देखने को मिला, जब मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने जशपुर पुलिस और साइबर सेल का आभार व्यक्त किया।

साइबर सेल की तकनीकी पकड़ ने ढूंढ निकाले गुम मोबाइल

पुलिस के अनुसार, गुम मोबाइलों की तलाश के लिए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल में प्राप्त आवेदनों पर विशेष अभियान चलाया गया। साइबर सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग और लगातार निगरानी के जरिए विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। साइबर टीम की मेहनत और सूझबूझ के चलते दर्जनों लोगों की कीमती संपत्ति वापस मिल सकी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि आज मोबाइल फोन केवल बातचीत का साधन नहीं रह गया है, बल्कि इसमें लोगों की निजी जानकारी, बैंकिंग डिटेल्स, सोशल मीडिया अकाउंट और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रहते हैं। ऐसे में मोबाइल गुम होने पर साइबर अपराध का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होते ही तत्काल नजदीकी थाना या सीईआईआर पोर्टल में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल को ब्लॉक कर उसकी तलाश शुरू की जा सके।

मोबाइल के साथ दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान एसपी ने लोगों को यातायात नियमों के पालन की भी सीख दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील करते हुए कहा कि “दुर्घटना कभी बताकर नहीं आती, इसलिए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपका जीवन आपके परिवार के लिए अनमोल है।”

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी भावेश कुमार समरथ, डीएसपी कुंजराम चौहान, निरीक्षक संत लाल आयाम, उपनिरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनिल सिंह एवं सोनसाय भगत सहित साइबर सेल और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जशपुर पुलिस का संदेश

“मोबाइल गुम हो जाए तो घबराएं नहीं, तुरंत शिकायत करें। जशपुर पुलिस आपकी सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा के लिए हर समय तत्पर है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button