महिला तस्कर से शुरू हुई जांच, जशपुर तक पहुंची पुलिस… ऑपरेशन आघात में नशे के नेटवर्क पर बड़ा वार!”



मुकेश अग्रवाल
रायगढ़/पत्थलगांव। रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत कापू पुलिस ने नशे के कारोबार पर एक और बड़ा प्रहार करते हुए एनडीपीएस मामले के मुख्य सप्लायर को जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब केवल गांजा बरामद करना ही नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ना पुलिस की प्राथमिकता बन चुकी है।
दरअसल, 03 जून को कापू थाना क्षेत्र के पखनाकोट सुकवासुपारा में पुलिस ने दबिश देकर चम्पा यादव नामक महिला तस्कर के कब्जे से बिक्री के लिए रखा गया 0.818 किलो गांजा और मोबाइल फोन बरामद किया था। उस समय महिला ने पूछताछ में जिस व्यक्ति का नाम लिया था, वही आगे चलकर पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी साबित हुआ।
मोबाइल कॉल रिकॉर्ड ने खोली गांजा कारोबार की पोल
कापू पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला और उसके कथित सप्लायर के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड खंगाले। तकनीकी जांच में दोनों के बीच लगातार संपर्क की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने सप्लायर की तलाश तेज कर दी।
पत्थलगांव में दबिश, आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आया ‘चेता’
लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से कापू पुलिस ने जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में दबिश देकर चिंतामणी उर्फ चेता यादव (30 वर्ष) निवासी कोडेकेला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने चम्पा यादव को ₹6,500 में गांजा बेचा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशे के कारोबार से जुड़ी ₹2,000 नगद राशि, एक मोबाइल फोन, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल CG-14-MR-9024 और आरसी कार्ड जब्त किया है।
सिर्फ तस्कर नहीं, पूरी सप्लाई चेन निशाने पर
इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि रायगढ़ पुलिस अब केवल छोटे-मोटे विक्रेताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के धंधे के पीछे छिपे सप्लायर और नेटवर्क संचालकों तक पहुंच रही है। “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस की एंड-टू-एंड कार्रवाई लगातार नशे के कारोबारियों की नींद उड़ाए हुए है।

“रायगढ़ पुलिस केवल गांजा बरामद कर कार्रवाई तक सीमित नहीं है। नशे के कारोबार की पूरी सप्लाई चेन को चिन्हित कर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।”
कापू पुलिस की सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सुमेश गोस्वामी, लक्ष्मी कैवर्त, आरक्षक दिनेश गोंड एवं थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।