पाकिस्तान की साजिश का छत्तीसगढ़ कनेक्शन! जांजगीर-चांपा में ISI समर्थित स्लीपर सेल का सदस्य गिरफ्तार पंजाब से आकर अकलतरा में छिपा था युवक, पाकिस्तान भेज रहा था संवेदनशील जानकारियां, टारगेट किलिंग की साजिश का खुलासा



जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ की धरती पर पाकिस्तान समर्थित साजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक ऐसे संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े नेटवर्क के लिए काम करने का आरोप है। आरोपी अकलतरा में किराए के मकान में रहकर कथित तौर पर संवेदनशील सूचनाएं, महत्वपूर्ण लोकेशन, फोटो-वीडियो और अन्य जानकारियां पाकिस्तान भेज रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना अकलतरा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 एवं 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
किरायेदार सत्यापन में फूटा बड़ा राज
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान यह बड़ी सफलता हाथ लगी। अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में रह रहे बाहरी लोगों के सत्यापन के दौरान पुलिस की नजर सेवक सिंह पर पड़ी। पूछताछ में उसके जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद मोबाइल फोन की जांच की गई।
पाकिस्तान, सऊदी अरब और विदेशी नंबरों से संपर्क!
पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल से पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से लगातार संपर्क के कथित प्रमाण मिलने का दावा किया गया है। व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल सामग्री ने जांच एजेंसियों को चौंका दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क के संपर्क में था और कथित तौर पर संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा था।
ड्रोन से हथियार, फिर टारगेट किलिंग!
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि आरोपी को कथित तौर पर पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना थी। हथियार मिलने के बाद उसे पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा तय किए गए लक्ष्यों पर हमला करने या टारगेट किलिंग जैसे कार्य सौंपे जाने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि इन तथ्यों की अंतिम पुष्टि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही की जा सकेगी।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला
पुलिस के अनुसार आरोपी की गतिविधियां देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं। मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है और पूरे नेटवर्क, संपर्क सूत्रों तथा संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है।
जांजगीर-चांपा पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब इस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हैं। जांच के दौरान और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।