बैंक से निकले 2 लाख पर थी नट गिरोह की नजर, तमनार में डिक्की तोड़कर उड़ाए रुपये…7 दिन तक जशपुर में डेरा डालकर पुलिस ने दबोचा शातिर!  पत्थलगांव के झक्कड़पुर से गिरफ्तार हुआ उठाईगिरी का मास्टरमाइंड, चोरी के पैसों से खरीदी थी नई अपाचे बाइक

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव/तमनार

तमनार में बैंक से रकम निकालकर निकले ग्रामीण की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये पार करने वाले शातिर नट गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। रायगढ़ पुलिस ने फिल्मी अंदाज में सात दिनों तक जशपुर जिले में कैंप लगाकर पीछा किया और आखिरकार पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम झक्कड़पुर से आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले लोगों की रेकी करता था और मौका मिलते ही डिक्की तोड़कर रकम लेकर फरार हो जाता था। 8 जून को तमनार स्थित अपेक्स बैंक से 2 लाख रुपये निकालने वाले ग्रामीण लोकेश्वर पटेल को भी इसी तरह निशाना बनाया गया था।

सीसीटीवी ने खोला राज, नट गिरोह तक पहुंची पुलिस

बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच के बाद पुलिस की नजर नट गिरोह पर गई। जांच में विशाल उर्फ हरि नट और उसके साथी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा का नाम सामने आया। विशाल पहले से जेल में बंद मिला, जबकि धर्मेन्द्र की तलाश में पुलिस ने जशपुर जिले के कई गांवों में लगातार दबिश दी।

आखिरकार झक्कड़पुर के खेतों के पास घेराबंदी कर आरोपी धर्मेन्द्र नट को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे।

चोरी के पैसों से खरीदी थी चमचमाती अपाचे

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि चोरी के 2 लाख रुपये का बंटवारा किया गया था। उसके हिस्से में आए 1 लाख रुपये से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीद ली थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, चोरी के पैसों से खरीदी गई नई अपाचे और डिक्की तोड़ने के औजार बरामद कर लिए हैं।

️ पत्थलगांव क्षेत्र में सक्रिय नट गिरोहों पर फिर उठे सवाल

धर्मेन्द्र नट की गिरफ्तारी के बाद पत्थलगांव थाना क्षेत्र के उन इलाकों की भी चर्चा तेज हो गई है, जहां नट समुदाय की बस्तियां हैं और पूर्व में भी संपत्ति संबंधी अपराधों में कुछ तत्वों के नाम सामने आते रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अपराधी की पहचान उसके कृत्य से होती है, किसी पूरे समुदाय से नहीं। फिलहाल पुलिस फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

एसएसपी का सख्त संदेश

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले नागरिक विशेष सावधानी बरतें। उठाईगिरी, चोरी और लूट जैसे अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अपराध कर बच निकलना अब आसान नहीं है।

 

“बैंक से रकम निकालते ही हो जाएं सावधान… आपकी एक चूक पर नट गिरोह की नजर पड़ सकती है, लेकिन इस बार रायगढ़ पुलिस की पैनी निगाहों से शातिर बच नहीं पाया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button