नव नियुक्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार यादव ने ली संकुल समन्वयकों की बैठक विद्यालय समय पर शराब खोरी एवं अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जावेगी



मुकेश अग्रवाल
पथलगांव,
नव नियुक्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी पथलगांव कमलेश कुमार यादव ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात प्रथम बैठक में विकासखंड के समस्त संकुल समन्वयकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्था एवं छात्र हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि विकासखंड के अंतर्गत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे तथा सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, छात्रवृत्ति, सरस्वती साइकिल योजना सहित शासन की सभी छात्र हितैषी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
श्री यादव ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, भौतिक सुविधाओं की उपलब्धता, अपार आईडी, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, वाटर हार्वेस्टिंग, सोखता गड्ढा, मध्यान्ह भोजन, पाठ्यपुस्तक स्कैनिंग, यू-डाइस प्रोग्रेशन, मुस्कान पुस्तकालय, तंबाकू निषेध अभियान, बुक बैंक निर्माण, बच्चों की बैठक व्यवस्था, शौचालय, किचन शेड, किचन गार्डन तथा विद्युत व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सभी विद्यालय शासन के निर्देशानुसार सुव्यवस्थित रूप से संचालित हों। शिक्षक एवं कर्मचारी समय पर विद्यालय आएं तथा प्रार्थना सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। जर्जर भवनों में विद्यालय संचालन नहीं किया जाए तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। पालकों से सतत संपर्क बनाए रखने एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति का समयबद्ध गठन करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालयी गतिविधियों के प्रति उदासीनता, अनुशासनहीनता अथवा नशे की प्रवृत्ति रखने वाले शिक्षकों पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकतानुसार कार्यवाही हेतु चिन्हांकन किया जाएगा। विद्यालयों में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सभी स्तरों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
श्री यादव ने सभी संकुल समन्वयकों से कहा कि वे अपने-अपने संकुल के एक विद्यालय को “मॉडल विद्यालय” के रूप में विकसित करने हेतु कार्ययोजना तैयार करें। सभी ऑनलाइन कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा विद्यालयों का नियमित अवलोकन किया जाए। दर्ज संख्या में वृद्धि एवं बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए प्रत्येक संकुल से ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विकासखंड स्रोत समन्वयक जगरनाथ पाढ़ी सहित समस्त संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।