“सीड बॉल छिड़कबो, जशपुर ला हरियर बनाबो”: हरियाली के महाअभियान में उतरीं विधायक गोमती साय, गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प इंजको की धरती से उठी हरित क्रांति की आवाज, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर लिया जशपुर को हरा-भरा बनाने का प्रण



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और जशपुर को हरियाली की नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्राम इंजको में जिला स्तरीय सीड बॉल छिड़काव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। “सीड बॉल छिड़कबो, जशपुर ला हरियर बनाबो” के प्रेरक संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान में पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में हरियाली और प्रकृति संरक्षण को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों ने एकजुट होकर सीड बॉल छिड़काव किया और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य बनाने का संकल्प लिया।
“हर पेड़ भविष्य की सुरक्षा है” – गोमती साय
विधायक गोमती साय ने कहा कि आज के दौर में पर्यावरण संरक्षण केवल एक आवश्यकता नहीं बल्कि हमारी जिम्मेदारी भी है। तेजी से बदलते पर्यावरणीय हालात और बढ़ते तापमान के बीच वृक्षारोपण एवं वन विस्तार ही प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक बीज से शुरू होने वाला यह अभियान भविष्य में हजारों पेड़ों का रूप लेकर जशपुर की पहचान को और अधिक हराभरा बनाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि हर व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर एक कदम आगे बढ़े, तो जशपुर को प्रदेश का सबसे हरित जिला बनाने का सपना आसानी से साकार किया जा सकता है।
जनभागीदारी बनी अभियान की ताकत
कार्यक्रम में ग्रामीणों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने इस अभियान को विशेष ऊर्जा प्रदान की। सीड बॉल तकनीक के माध्यम से दुर्गम एवं वन क्षेत्रों में बीजों का प्राकृतिक रूप से प्रसार कर बड़े पैमाने पर पौधों के विकास का लक्ष्य रखा गया है। इससे न केवल वन क्षेत्र का विस्तार होगा बल्कि जैव विविधता के संरक्षण को भी बल मिलेगा।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हेमंत बंजारा, अंकित बंसल, बिरेन्द्र सिंह, जनपद सदस्य संतोषी भारद्वाज, बाल श्याम चौहान, हंस लाल सिदार, मीरा पोर्ते, सरिता सिदार, अरुण यादव, खेमा निधि यादव, धर्मपाल नारंगे, वेध राम सिदार, क्षेत्रीय सरपंच, वन विभाग के अधिकारी, रेंजर तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
हरियाली के संकल्प के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जशपुर जिले को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। सीड बॉल छिड़काव के माध्यम से शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में जिले के वन क्षेत्र और प्राकृतिक सौंदर्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जगाती है।