1076 का असर: 24 घंटे में सुलझी सफाई की समस्या, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी जनता की उम्मीद की नई किरण मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल ला रही रंग, शिकायत दर्ज होते ही हरकत में आया प्रशासन



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुरू की गई 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन अब जमीनी स्तर पर असर दिखाने लगी है। हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज शिकायतों का तेजी से निराकरण होने से लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा है। पत्थलगांव में इसका एक ताजा उदाहरण सामने आया है, जहां सफाई व्यवस्था को लेकर की गई शिकायत पर महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कर दिया गया।
स्थानीय नागरिक एवं समाजसेवी आलोक गर्ग ने बताया कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ और संबंधित विभाग ने मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए समस्या का निराकरण कर दिया।

आलोक गर्ग ने कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को कई कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू होने के बाद अब नागरिक सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और तय समय सीमा में उसका समाधान भी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह व्यवस्था आम जनता और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य कर रही है।
जनता को मिल रही राहत, बढ़ रहा विश्वास
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग की जाती है और संबंधित विभागों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते हैं। यही वजह है कि अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ रही है।
पत्थलगांव सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इस हेल्पलाइन के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई होने से शासन की जवाबदेही बढ़ी है और लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
‘सुशासन की दिशा में बड़ा कदम’- सुनिल गुप्ता

भाजपा नेता सुनील गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की यह पहल सुशासन और जनसेवा की सोच को मजबूत करती नजर आ रही है। 1076 हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिक अब अपनी समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचा रहे हैं और त्वरित समाधान भी प्राप्त कर रहे हैं। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आई है बल्कि जनता को भी राहत मिली है।
अब शिकायत नहीं, समाधान की गारंटी बन रही है 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन।