सरगुजा में प्रेशर हॉर्न वालों की खैर नहीं! 44 वाहनों पर कार्रवाई, 88 हजार का जुर्माना SSP के निर्देश पर बड़ा अभियान, प्रेशर हॉर्न के खिलाफ सरगुजा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

 

मुकेश अग्रवाल

अंबिकापुर। सड़क पर फर्राटा भरते हुए तेज आवाज से लोगों की नींद और चैन छीनने वाले वाहन चालकों पर सरगुजा यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रेशर हॉर्न के खिलाफ जबरदस्त अभियान चलाया। एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर मंगलवार को हुई विशेष वाहन चेकिंग के दौरान 11 ट्रकों और 33 बसों में लगे अवैध प्रेशर हॉर्न जब्त कर लिए गए।

यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान एक-एक वाहन की बारीकी से जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 119(2) के तहत सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस ने 11 ट्रक चालकों से 22 हजार रुपये तथा 33 बस चालकों से 66 हजार रुपये का समन शुल्क वसूलते हुए कुल 88 हजार रुपये का जुर्माना ठोका। वहीं वाहनों में लगे कानफोड़ू प्रेशर हॉर्न मौके पर ही निकालकर जब्त कर लिए गए।

यातायात पुलिस का कहना है कि प्रेशर हॉर्न न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि सड़क पर दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। आम जनता की सुरक्षा और शांत वातावरण बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button