खाद के लिए किसान परेशान, महंगाई से जनता हलकान और पेट्रोल-डीजल के दाम बेकाबू — कांग्रेस ने पत्थलगांव से सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा।”



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, खाद की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ मंगलवार को पत्थलगांव मंडी परिसर राजनीतिक रणभूमि में तब्दील हो गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरते हुए किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। नारों की गूंज के बीच कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने और महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल रहने का आरोप लगाया।
धरना सभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक राम पुकार सिंह ने कहा कि प्रदेश का किसान आज दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे खेती-किसानी की लागत लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर खाद की कमी और कालाबाजारी किसानों की कमर तोड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल घोषणाओं और प्रचार में व्यस्त है।

प्रदेश महामंत्री आरती सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के बड़े-बड़े दावों की हकीकत गांवों में साफ दिखाई दे रही है। किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं और कालाबाजारी के चलते उन्हें मनमाने दाम चुकाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और ग्रामीण जनता को राहत देने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
जिला उपाध्यक्ष हरगोविंद अग्रवाल ने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर ईंधन तक हर चीज महंगी हो चुकी है। इसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और आम जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन तेज करेगी।
जिला महामंत्री हंसराज अग्रवाल ने खाद वितरण व्यवस्था को पूरी तरह चरमराई हुई बताते हुए कहा कि समय पर खाद नहीं मिलने से किसानों की खेती प्रभावित हो रही है। प्रदेश सचिव मनोज तिवारी ने सरकार पर किसानों और युवाओं के साथ छलावा करने का आरोप लगाया।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर उपस्थित तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत, खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।