विश्व पर्यावरण दिवस पर विधायक गोमती साय ने दिया हरियाली का संदेश, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में उमड़ा जनसैलाब

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम इंजको एवं महुआ टिकरा स्थित पूरन तालाब परिसर में आयोजित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने जनआंदोलन का रूप ले लिया। पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन के संदेश के साथ आयोजित इस भव्य पौधरोपण कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने पौधरोपण कर हरित भविष्य का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव भी रखते हैं। आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में जीवनदायिनी छांव, शुद्ध हवा और प्राकृतिक संतुलन का आधार बनेगा।”

गोमती साय ने लोगों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का दायित्व भी निभाएं। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भावनात्मक प्रयास है।

कार्यक्रम के दौरान वातावरण देशभक्ति और प्रकृति प्रेम के नारों से गूंज उठा। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। बच्चों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने, जलवायु संतुलन बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य उपहार बताया।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से पत्थलगांव क्षेत्र ने यह संदेश दिया कि यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का सपना जल्द ही साकार हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button