पत्थर मारकर ट्रक रोकते थे, फिर करते थे लूट… लेकिन पुलिस ने 24 घंटे में पूरा गैंग कर दिया ढेर!”



मुकेश अग्रवाल
रायगढ़। आमाघाट रोड पर ट्रक चालकों के लिए आतंक का पर्याय बन चुके लुटेरे गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। रात के अंधेरे में सुनसान सड़क पर ट्रकों पर पत्थरबाजी कर वाहन रुकवाना और फिर चालक-परिचालकों से मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूट लेना इस गिरोह का पेशा बन चुका था। लेकिन इस बार बदमाशों की चालाकी तमनार पुलिस की मुस्तैदी के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सकी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर तमनार पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पूरे गिरोह को दबोच लिया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए 6 मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है।
घटना 2 जून की रात की है, जब झारखंड निवासी ट्रक चालक रोहित कुमार पासवान आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहा था। तभी सड़क किनारे छिपे बदमाशों ने उसके ट्रक पर ताबड़तोड़ पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। एक बड़ा पत्थर ट्रक के शीशे को चीरता हुआ चालक के सिर पर जा लगा, जिससे वह घायल हो गया। जैसे ही चालक अपनी चोट देखने के लिए वाहन से उतरा, एक बदमाश ट्रक के केबिन में घुसा और उसका मोबाइल फोन लूटकर अंधेरे में गायब हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस हरकत में आ गई। जांच के दौरान ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम देलारी में दबिश देकर गिरोह के सरगना रघुनाथ चौहान और उसके साथी शिव कुमार अघरिया को धर दबोचा। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर के साथ मिलकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह सुनसान रास्तों पर ट्रकों को निशाना बनाता था। पहले पत्थर मारकर वाहन रुकवाते थे, फिर चालक-परिचालकों को डराकर मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
पहले इस मामले में लूट की धारा लगाई गई थी, लेकिन जांच में पांच लोगों द्वारा सामूहिक रूप से वारदात को अंजाम देने की पुष्टि होने पर पुलिस ने इसे डकैती का मामला मानते हुए बीएनएस की धारा 310(2) जोड़ दी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में लूटपाट, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों और वाहन चालकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
तमनार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के ट्रक चालकों और उद्योग क्षेत्र से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली