“इश्क, बदला और बेरहम कत्ल!” प्रेम प्रसंग में युवक का सिर पत्थर से कुचलकर हत्या, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार… लेकिन पुराने मर्डर केसों में अब भी खाली हाथ पुलिस**

 

Related Articles

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव।

पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जाम जूनवानी खारापारा में प्रेम प्रसंग ने ऐसा खूनी मोड़ ले लिया कि एक युवक की बेरहमी से पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी जप्त कर लिया है।

मृतक की पहचान सुशील खलखो (34 वर्ष) निवासी जाम जूनवानी के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में जयलाल एक्का (34 वर्ष), जयमन एक्का (36 वर्ष) और एक 17 वर्षीय नाबालिग शामिल है। आरोपियों के खिलाफ थाना पत्थलगांव में बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

रात के सन्नाटे में खूनी खेल

जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 की रात गांव में अचानक चीख-पुकार और हल्ला मच गया। ग्रामीणों ने देखा कि आरोपी जयलाल एक्का, जयमन एक्का और एक किशोर मिलकर सुशील खलखो की बेरहमी से पिटाई कर रहे थे। गुस्से से बौखलाए आरोपियों ने पहले युवक का सिर जमीन पर पटका और फिर पास में पड़े भारी पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। खून से लथपथ सुशील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

3 साल पुराने प्रेम प्रसंग ने ली जान

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुशील खलखो और आरोपी जयलाल की पत्नी के बीच पिछले 3-4 वर्षों से प्रेम संबंध थे। मामला थाने तक भी पहुंचा था और सुशील को जेल भी जाना पड़ा था। डेढ़ महीने पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था।

ग्रामीणों के मुताबिक सामाजिक बैठक में आरोपी की पत्नी ने खुद सुशील के साथ रहने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वह सुशील के साथ रहने लगी थी। इसी बात से आरोपी और उसके परिवार में भारी नाराजगी थी। आखिरकार इसी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया और गांव में एक और हत्या हो गई।

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

एसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुराने मर्डर केसों की फाइलों पर अब भी धूल!

एक तरफ पुलिस इस हत्या का खुलासा कर अपनी पीठ थपथपा रही है, तो दूसरी ओर पत्थलगांव क्षेत्र के पुराने हत्या मामलों की गुत्थी आज तक नहीं सुलझ पाई है।

दोहरी हत्या के आरोपी अब भी फरार

पाकर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में 6 महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस आज तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

शांति यादव हत्याकांड भी बना रहस्य

केराकछार निवासी 70 वर्षीय शांति यादव की 9 मार्च 2026 को हुई हत्या का भी पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर पाई। न आरोपी मिले, न कोई ठोस सुराग।

लगातार अनसुलझे हत्या के मामलों ने अब पत्थलगांव पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कुछ मामलों में पुलिस इतनी तेज और कुछ मामलों में इतनी सुस्त क्यों दिखाई देती है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button