ऑपरेशन आघात” में रायगढ़ पुलिस का डबल अटैक — गांजा माफिया और इंजेक्शन गैंग पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 5 आरोपी धराए ! बीड़पारा से 6 किलो से ज्यादा गांजा बरामद… रामलीला मैदान में नाबालिगों को नशा बेचने वाला गैंग चढ़ा पुलिस के हत्थे

मुकेश अग्रवाल
रायगढ़।
रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबारियों पर ऐसा शिकंजा कसा कि शहर के गांजा तस्करों और इंजेक्शन सप्लायर्स में हड़कंप मच गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा और रामलीला मैदान में ताबड़तोड़ रेड कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में पुलिस ने 6.168 किलो गांजा, 24 नग नशीली बुट्रम इंजेक्शन, नगदी रकम ₹7570, मोबाइल और अपाचे बाइक जब्त की है।
बीड़पारा में चल रहा था गांजे का काला कारोबार
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बीड़पारा स्थित इरशाद खान के घर दबिश दी। कमरे में रखी प्लास्टिक बोरी से 6 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 6 किलो 168 ग्राम निकला। पूछताछ में आरोपी ने अपने साढ़ू मोहम्मद वसीम का नाम उगला, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी धर दबोचा।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ में सप्लाई किया जा रहा था। दोनों आरोपी मिलकर शहर में गांजे का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।
💉 रामलीला मैदान में नाबालिगों को लगाया जा रहा था नशे का इंजेक्शन
दूसरी बड़ी कार्रवाई रामलीला मैदान के पास हुई, जहां कुछ युवक नाबालिग लड़कों को बुट्रम इंजेक्शन के जरिए नशा करा रहे थे। पुलिस टीम के पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। कुछ युवक भाग निकले, लेकिन सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
तलाशी में पुलिस ने 24 नग Butrum इंजेक्शन, सिरिंज, नगदी रकम और मोबाइल बरामद किया। पूछताछ में दोनों ने खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव का नाम बताया, जो इंजेक्शन सप्लाई करता था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि रायगढ़ पुलिस नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है। खासकर युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
⚡ “ऑपरेशन आघात” की इस बड़ी कार्रवाई के बाद रायगढ़ के नशा कारोबारियों में दहशत का माहौल है।




