पत्थलगांव भाजपा मंडल की नई कार्यकारिणी गठन होने के पश्चात बैठक हुई संपन्न



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव । पत्थलगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल द्वारा विगत दिनों नई कार्यकारिणी घोषणा किए जाने के पश्चात समस्त नवनियुक्त पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का परिचय व आगामी चुनाव के मद्देनजर रूपरेखा तैयार करने के लिए दिन मंगलवार को हरियाणा पंचायती धर्मशाला पत्थलगांव मे बैठक रखी गई। बैठक की शुरूआत भारतमाता, पं दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र में पुष्प अर्पित करते हुए की गई। जिसके बाद क्रमबद्ध तरीके से नियुक्त पदाधिकारियों का पुष्प माला से स्वागत किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर मंडल प्रभारी मनीष अग्रवाल,भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल,मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल, डॉ बीएल भगत , वरिष्ठ नेता प्रदीप गुप्ता,भाजपा वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह भाटिया,संजय लोहिया,मौजूद रहे।

इस दौरान अनिल मित्तल ने अपने उद्वोधन में कहा कि यह वर्ष चुनावी वर्ष है और सभी कार्यकर्ताओं अब कमर कसनी होगी।हमारा प्रयास सभी बूथों तक पहुंचने का है सभी को अपनी निष्क्रियता को त्यागकर आगे बढ़ना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव जी के मार्गदर्शन पर पूरे छग में भाजपा चुनावी मोड पर है।उनके नेतृत्त्व में आगामी चुनाव में कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकना है। भाजपा आज देश की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में है। उन्होंने कहा कि आशा करता हूं आप सभी के साथ मिलकर आने वाले चुनाव में इस नई टीम को लेकर पत्थलगांव से अपना विधायक बनाने में सफल होंगे। भाजपा के कार्यकर्ता अत्यंत ही अनुशासित है जिनके लिए पद कोई मायने नहीं रखता।मगर नए लोगों को जिम्मेदारी देने से अत्यंत प्रभाव पड़ेगा। और सभी मिलकर पार्टी को पुनः एक नए मुकाम पर लेकर जाएंगे।

वरिष्ट नेता प्रदीप गुप्ता ने कहा कि चुनावी वर्ष में कार्यकर्ताओं में जोश भरा हुआ है। सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट करके कार्यकारिणी गठित की गई है।आगामी चुनाव में निश्चित ही भाजपा का विधायक इस विधानसभा में बैठेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज लाखों हितग्राहियों का प्रधानमंत्री आवास अधूरा पड़ा हुआ है। जिसका समाधान करने राज्य की भूपेश बघेल सरकार लगातार निष्क्रिय साबित हो रही है
हरजीत भाटिया ने कहा कि शहर मंडल की प्रथम बैठक से आने वाले चुनाव में कार्यकर्ता मिलजुल कर कार्य करेंगे। अत्यंत खुशी की बात है सभी क्षेत्र के लोगों को जिम्मेदारी मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों से अच्छी लीड प्राप्त होगी। जिसका भरपुर लाभ पार्टी को होने वाला हैं केंद्र सरकार की नीतियों को गांव गांव जाकर बताना होगा। और कांग्रेस की सरकार ने इन 4 सालों में क्या किया है वह भी सभी को बताना होगा।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि कार्यकारणी गठन के पश्चात सभी पदाधिकारियों का स्वागत करता हूं। सभी वर्ग के लोगों का नेतृत्व करते हुए मंडल अध्यक्ष ने कार्यभार सौंपा है।आगामी चुनाव का शंखनाद बहुत जल्द होने वाला है। बीते दिनों प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव के प्रवास के दौरान उन्होंने कहा था कि जो कार्यकर्ता पार्टी के लिए समय ना दे सके वह अपने पद को त्याग दे। नए कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्रों में कार्य करेंगे। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के कार्यों का जगह जगह जाकर बखान करना है। भूपेश सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे। जिन्होंने झूठ फरेब से कुर्सी प्राप्त की। धान खरीदी केंद्र का हाल आज बुरा है। किसानों के धान का रकबा कम कर दिए। धान बेचने जाते वक्त घटिया कृमि खाद खरीदने को मजबूर किया जाता है। घोषणापत्र में 2500 रुपए बेरोजगारी भत्ता की बात कही गई थी जो मात्र कागजों पर ही सिमटती दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री आवास से वंचित हितग्राही आज परेशानी में है। किस्तों के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। जिससे ग्रामीण जनता में आक्रोश है। भाजपा कार्यकर्ताओं में मतभेद जरूर होता हुआ मगर मनभेद कदापि नहीं होता।
मंडल प्रभारी मनीष अग्रवाल ने कहा कि नए पदाधिकारियों के नियुक्ति पश्चात आज पहली बैठक है। 2023 के चुनाव का आगाज हो चुका है। सभी को जनता के बीच जाकर जोशीले ढंग से कार्य करना है। कार्यकर्ताओं से ही पार्टी का विकास होता है। बूथ स्तर से लेकर मंडल तक के कार्यकर्ताओं को एकता के सूत्र में बंधकर कार्य करना है। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम मन की बात को संचार के माध्यम से गांव गांव तक जाकर विस्तृत रूप प्रदान करना है। आलम यह है कि 4 साल बेमिसाल का दावा करने वाली प्रदेश की कांग्रेस सरकार में नशाखोरी,अपराध,भ्रष्टाचार,शराबबंदी,हत्याओं के साथ अन्य आपराधिक घटनाओं का रिकॉर्ड टूटता जा रहा है।
उक्त बैठक में मंडल पत्थलगांव शहर के निवासरत भाजपा के वरिष्ठ नेतागण,भाजपा जिला पदाधिकारी व कार्यसमिति सदस्य,नगरपंचायत के पार्षदगण,समस्त मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी,कार्यकर्ता, शक्ति केंद्र के प्रभारी, संयोजक-सहसंयोजक,बूथ के अध्यक्ष व सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।