चन्द्रकला देवी महिला महाविद्यालय में गूंजा उत्सव का उल्लास, स्थापना दिवस पर छात्राओं ने बांधा समां नवनिर्वाचित अग्रवाल सभा अध्यक्ष अनिल मित्तल रहे मुख्य अतिथि, स्वागत गीत और नृत्य ने मोहा मन



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। श्रीमती चन्द्रकला देवी महिला महाविद्यालय में स्वर्गीय माता चन्द्रकला देवी जी की पुण्यतिथि एवं स्मृति दिवस के अवसर पर महाविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमामय माहौल में धूमधाम से मनाया गया। समारोह में अग्रवाल सभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री अनिल मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के संचालक पवन अग्रवाल, अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष परशुराम अग्रवाल, संरक्षक मुरारीलाल अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अजय बंसल, विनोद अग्रवाल, कृष्ण कुमार अग्रवाल, जितेन्द्र अग्रवाल, पवन गर्ग, रूपेश अग्रवाल सहित महाविद्यालय के प्राचार्य भगत धुर्वे, स्कूल प्राचार्य हेमंत यादव, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। महाविद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत एवं आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
महाविद्यालय की प्रगति पर संचालक ने रखा विजन
महाविद्यालय के संचालक पवन अग्रवाल ने अपने संबोधन में संस्था की उपलब्धियों और प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला शिक्षा को बढ़ावा देना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने महाविद्यालय की आगामी योजनाओं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को लेकर भी विचार साझा किए।
मुख्य अतिथि एवं नवनिर्वाचित अग्रवाल सभा अध्यक्ष अनिल मित्तल ने महाविद्यालय की गतिविधियों की सराहना करते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं मुरारीलाल अग्रवाल एवं अजय बंसल ने भी महाविद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य भगत धुर्वे ने सभी अतिथियों, शिक्षकगण एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया। स्थापना दिवस समारोह ने शिक्षा, संस्कार और सांस्कृतिक रंगों का ऐसा संगम प्रस्तुत किया कि पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।