“सब्जियों के नीचे गांजा, कार की डिक्की में नशे का माल! जशपुर में ‘ऑपरेशन आघात’ का बड़ा वार, 520 किलो गांजा और 3 करोड़ की जप्ती”



मुकेश अग्रवाल
जशपुर। नशे के सौदागरों के खिलाफ जशपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ा शिकंजा कसते हुए ऑपरेशन आघात के तहत तीन अलग-अलग कार्रवाई में 520 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक पूरी कार्रवाई में जब्त गांजे और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।
आधी रात की गश्त में खुला गांजे का राज
थाना कुनकुरी पुलिस 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की बोलेरो पिकअप पुलिस को संदिग्ध लगी। घेराबंदी कर वाहन को रोका गया और तलाशी ली गई तो सब्जियों की ट्रे के नीचे छिपाकर रखी छह बोरियां मिलीं।
बोरियों के अंदर पीले प्लास्टिक टेप से लिपटे 120 पैकेट बरामद हुए, जिनमें करीब 246 किलो गांजा मिला। पुलिस ने वाहन में सवार अनवर अंसारी (45), निवासी रोहतास, बिहार और दिनेश कुमार केसरी (26), निवासी कैमूर, बिहार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के पीछे लगी तो कार छोड़ भागा चालक
इसी दौरान पुलिस टीम के सामने से बिना नंबर की एक सोल्ड सेल्टोस कार तेज रफ्तार में गुजरी। पुलिस को शक हुआ तो पीछा शुरू किया गया। पुलिस को पीछे आता देख चालक सालियाटोली के पास कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
कार की तलाशी में 20 बैगों में रखे 120 पैकेटों से करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ। इस तरह अकेले कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
नारायणपुर में कार की डिक्की बनी ‘गांजे की तिजोरी’
दूसरी ओर थाना नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP-33C-5625 में गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस ने नारायणपुर चौक पर घेराबंदी कर कार को रोका।
डिक्की की तलाशी में छिपाकर रखे 17 पैकेटों में करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से कमल किशोर ओझा (56) और अनिता सोनी (35), दोनों निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली।
उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक फैली तस्करी की कड़ी!
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाने की बात बताई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उड़ीसा में किस सप्लायर से लिया गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस सप्लायर से लेकर संभावित खरीदार तक पूरी तस्करी की कड़ी खंगाल रही है।
तीन कार्रवाई, 520 किलो गांजा और करीब 3 करोड़ की जप्ती
जशपुर पुलिस के अनुसार तीन प्रकरणों में कुल 520 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये, तथा तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये, जब्त किए गए हैं। कुल जप्ती करीब 3 करोड़ रुपये बताई गई है।
मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
एसएसपी बोले—ऑपरेशन आघात रहेगा जारी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह और डीएसपी शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में कुनकुरी और नारायणपुर पुलिस टीमों द्वारा की गई।