समाज में वापसी की कीमत ₹2 लाख? तत्कालीन अध्यक्ष गिरफ्तार, पहुंचा जेल

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। समाज से बहिष्कृत करने के बाद दोबारा समाज में शामिल करने के नाम पर कथित तौर पर रकम मांगने का मामला अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बटुराबहार में सामने आए इस मामले में समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, प्रकरण में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले ने समाज के भीतर बहिष्कार और पुनः प्रवेश के नाम पर कथित आर्थिक मांग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
समाज में वापसी के लिए मांगे ₹2 लाख, ₹1 लाख ट्रांसफर करने का आरोप
मामले में परिवादी गोपाल बंजारा (31 वर्ष), निवासी ग्राम बटुराबहार ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत कर आरोप लगाया था कि उन्हें समाज से बहिष्कृत कर दिया गया था। दोबारा समाज में शामिल होने के लिए आवेदन करने पर समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, सचिव महेंद्र बंजारा तथा वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा और सचिव श्यामलाल बंजारा द्वारा रकम की मांग की गई।
परिवाद के अनुसार, समाज में पुनः शामिल करने के एवज में ₹2 लाख देने की बात कही गई थी। आरोप है कि 23 सितंबर 2022 को कुल ₹1 लाख अलग-अलग बैंक खातों से ट्रांसफर किए गए। इनमें ₹60 हजार गोपाल बंजारा के भारतीय स्टेट बैंक खाते से फोन-पे के जरिए शेखर बंजारा के खाते में तथा ₹40 हजार उनके मित्र के इंडसइंड बैंक खाते से ट्रांसफर किए जाने का उल्लेख है। इसके बाद भी दोबारा रकम मांगे जाने का आरोप लगाते हुए परिवादी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ अपराध
परिवाद पर विचार करने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा ने थाना सिविल लाइन रामपुर को अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। घटनास्थल पत्थलगांव थाना क्षेत्र में होने के कारण प्रारंभिक रूप से अपराध क्रमांक 00/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 61(2), 3(5) तथा नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 की धारा 7(2) के तहत मामला दर्ज कर प्रकरण पत्थलगांव पुलिस को भेजा गया। इसके बाद पत्थलगांव थाने में अपराध क्रमांक 149/2026 कायम कर विवेचना शुरू की गई।
बैंक खातों की जानकारी और गवाहों के बयान के बाद गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान परिवादी और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा संबंधित बैंक खातों से आवश्यक जानकारी जुटाई गई। इसके बाद नामजद आरोपी शेखर प्रसाद बंजारा (32 वर्ष), पिता राजकुमार बंजारा, निवासी गौटियापारा, ग्राम बटुराबहार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर 13 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
बाकी आरोपियों की तलाश, पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी
इस प्रकरण में अन्य नामजद आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी पतासाजी कर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है
अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा शामिल करने के नाम पर रुपये मांगने के मामले में तत्कालीन समाज अध्यक्ष शेखर बंजारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को समाज से बहिष्कृत कर पुनः शामिल करने के नाम पर अवैध रूप से धन की मांग किए जाने संबंधी मामलों की जांच की जाएगी और संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समाज में वापसी के नाम पर कथित वसूली का यह मामला अब न्यायिक और पुलिस जांच के दायरे में है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।