दुर्गा पंडाल पहुंचीं विधायक गोमती साय: माँ जगदंबा के दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की

मुकेश अग्रवाल
कोतबा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर पत्थलगांव विधायक व उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने आज नगर पंचायत कोतबा स्थित दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचकर माँ दुर्गा के पावन स्वरूप के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
पंडाल में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर विधायक श्रीमती साय ने आरती की और क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने कहा, “माँ आदिशक्ति जगत जननी जगदंबा के चरणों में शीश नवाकर समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की है। माँ दुर्गा का आशीर्वाद सदैव हमारे पूरे क्षेत्र और नागरिकों पर बना रहे।”
पूजा-अर्चना के दौरान पूजा समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने विधायक का स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने उपस्थित नागरिकों से भेंट कर नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं दीं।