


मुकेश अग्रवाल
सूरजपुर / पत्थलगांव। सूरजपुर के रंगमंच मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेत्री व विधायक गोमती साय अपने ओजस्वी संबोधन और सशक्त नेतृत्व को लेकर मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। मंच पर पहुंचते ही उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

सभा को प्रमुखता से संबोधित करते हुए विधायक गोमती साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और सेवा के 25 वर्षों की यात्रा ने देश में विकास की एक नई परिभाषा गढ़ी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र व राज्य की विष्णुदेव साय सरकार की प्रत्येक जनहितैषी योजना का शत-प्रतिशत लाभ पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े ग्रामीण और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
गोमती साय ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए कहा, “हम सिर्फ राजनीति करने नहीं, बल्कि जनता के सेवक बनकर उनकी समस्याओं को जड़ से खत्म करने आए हैं। ‘विकसित भारत संकल्प’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि हर नागरिक को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का जन-आंदोलन है।”
कार्यक्रम में उनकी सक्रियता और जनहित के मुद्दों पर स्पष्ट रुख ने सभा में मौजूद जनसमुदाय को गहराई से प्रभावित किया। मंच पर अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ गोमती साय ने संगठन की मजबूती और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का संकल्प दोहराया।