पत्थलगांव में मां दुर्गा के दरबार की तैयारियां तेज, सजने लगा महारानी का भव्य दरबार 11 अक्टूबर से गूंजेगा ‘जय माता दी’, रोशनी-पंडाल और भक्ति की रंगत से जगमगाएगा बाजारपारा

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। शहर के हृदय स्थल बाजारपारा स्थित मां दुर्गा चौक में शारदीय नवरात्रि को लेकर उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है। मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के स्वागत के लिए महारानी का दरबार सजने लगा है और पंडाल से लेकर आकर्षक सजावट तक की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। आगामी 11 अक्टूबर से नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही पूरा बाजारपारा नौ दिनों तक भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आएगा।

हर वर्ष की तरह इस बार भी दुर्गा चौक में मां दुर्गा की विशाल और आकर्षक प्रतिमा विराजमान होगी। समिति द्वारा पंडाल, विद्युत सजावट, लाइटिंग और माता की भव्य पोशाक सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति के सदस्यों के मुताबिक इस बार दरबार को पहले से और आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारी है।

आरती, जसगीत और गरबा से गूंजेगा बाजारपारा

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रोजाना मां की आरती, जसगीत और गरबा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है। शाम ढलते ही रोशनी से नहाया दुर्गा चौक और मां के जयकारों से गूंजता बजारपारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।

‘जय माता दी’ के जयघोष के बीच नौ दिनों तक आस्था का सैलाब उमड़ने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों में नवरात्रि को लेकर खासा उत्साह है। वहीं बाजारपारा के दुकानदार भी अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाने में जुट गए हैं।

हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहता है दुर्गा चौक

नवरात्रि के दौरान बाजारपारा मां दुर्गा चौक पत्थलगांव के प्रमुख धार्मिक आकर्षणों में शामिल रहता है। आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करते हैं। ऐसे में समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।

11 अक्टूबर से शुरू होने वाली नवरात्रि के साथ ही पत्थलगांव का बाजारपारा एक बार फिर भक्ति, आस्था, रोशनी और उत्सव की रंगत में सराबोर होने जा

रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button