दस्तावेजों ने खोली पोल? संदिग्ध स्क्रैप से भरा 16 चक्का ट्रक पुलिस के कब्जे में

मुकेश अग्रवाल

की ई-वे बिल जांच में संदिग्ध मिले स्क्रैप के मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब जांच के लिए रोके गए ट्रक को अनुमति के बिना आगे ले जाकर माल अनलोड करने की जानकारी सामने आई। दस्तावेजों में विरोधाभास और माल के स्रोत को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जीएसटी विभाग ने मामला पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पूंजीपथरा पुलिस ने 16 चक्का ट्रक सहित करीब 32 टन 500 किलो विभिन्न प्रकार का लोहे का स्क्रैप जब्त किया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 26 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

मामला 1 अक्टूबर का है। रायगढ़ ई-वे बिल जांच दल ने एनआरवीएस प्लांट, तराईमाल के पास CG22P9367 नंबर के वाहन को जांच के लिए रोका था। ट्रक चालक अलेख्जेण्डर तिर्की ने स्क्रैप को कोरबा से ए.आर. इस्पात, पूंजीपथरा ले जाना बताया। लेकिन वाहन में लदे माल और प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के दौरान कई तथ्य आपस में मेल नहीं खाते मिले।

जीएसटी विभाग ने वाहन को आगे की जांच के लिए निरूद्ध कर चालक को MOV-01 और MOV-02 जारी किया तथा ट्रक को नजदीकी पेट्रोल पंप पर खड़ा कराया। लेकिन जांच के बीच ही चालक द्वारा संबंधित अधिकारी की अनुमति के बिना वाहन को ए.आर. इस्पात परिसर में ले जाकर माल अनलोड करने की जानकारी सामने आई। इससे पूरे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया।

जांच के दौरान संबंधित कर बीजक जारीकर्ता फर्म मेसर्स पी.आर. ग्लोबल, जगतपुर रोड रायगढ़ से भी माल के वास्तविक स्रोत, मातृ बीजक और भुगतान से जुड़े दस्तावेज मांगे गए। विभाग के अनुसार आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। परिस्थितियों को देखते हुए माल के संदिग्ध एवं चोरी का होने की प्रथम दृष्टया आशंका पर जीएसटी विभाग ने वाहन और माल को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना पूंजीपथरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

नुनबीरा से माल लाने की बात, लेकिन दस्तावेजों ने फिर खड़े किए सवाल

4 अक्टूबर को पूंजीपथरा पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें टीन, लोहे के टुकड़े, राड और वाहनों के पार्ट्स समेत भारी मात्रा में स्क्रैप मिला। पुलिस पूछताछ में चालक अलेख्जेण्डर तिर्की, पिता भीमसेन तिर्की, उम्र 50 वर्ष, निवासी चिड़रापारा पत्थलगांव, जिला जशपुर ने स्क्रैप को नुनबीरा, धरमजयगढ़ क्षेत्र से लाकर ए.आर. इस्पात में खपाने के लिए ले जाना बताया।

पुलिस ने ए.आर. इस्पात से भी वाहन और माल के संबंध में जानकारी तथा पर्चेस ऑर्डर सहित आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन संतोषजनक जानकारी अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ट्रक में लदा करीब 32.5 टन स्क्रैप, अनुमानित कीमत 6.50 लाख रुपये, और करीब 20 लाख रुपये कीमत के 16 चक्का ट्रक को जब्त कर लिया। इस तरह कुल 26.50 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस के कब्जे में ली गई।

मामले में वाहन चालक अलेख्जेण्डर तिर्की के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) BNSS एवं धारा 303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

अब जांच का फोकस इस बात पर है कि आखिर 32.5 टन स्क्रैप का वास्तविक स्रोत क्या था और उसके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों में सामने आए विरोधाभासों की असल वजह क्या है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button