


मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव/कोतबा। जशपुर पुलिस के “ऑपरेशन आघात” ने नशे के कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार चार दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतबा पुलिस ने 72 किलो 340 ग्राम गांजा की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल मारुति स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई में करीब 41 लाख 20 हजार रुपये की जप्ती बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक व्यक्ति स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जशपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और कोतबा पुलिस ने संभावित रास्ते पर निगरानी बढ़ाते हुए घेराबंदी शुरू कर दी।
जामझोर के पास पुलिस ने संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली तो दो बोरियों के भीतर प्लास्टिक टेप से चिपकाकर रखे गए 70 पैकेट बरामद हुए। जांच और तौल के बाद इन पैकेटों में कुल 72 किलो 340 ग्राम गांजा पाया गया।
पुलिस ने मौके से मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक OD-23-E-8034 और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये, कार की कीमत करीब 5 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
जिसे पुलिस पहले भी पकड़ चुकी, वह फिर गांजे के साथ धराया
इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित यादव (35), निवासी ग्राम जामझोर, दर्रापारा, चौकी कोतबा, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में कार्रवाई का सामना कर चुका है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ कोतबा चौकी में वर्ष 2013 और 2021 में गांजा बरामदगी के मामले दर्ज हुए थे। इसके अलावा अंबिकापुर सिटी कोतवाली क्षेत्र में भी उसके खिलाफ वर्ष 2017 और 2023 में गांजा बरामदगी के प्रकरणों में कार्रवाई हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, पूर्व मामलों को देखते हुए आरोपी द्वारा नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच की गई थी। सफेमा एक्ट के तहत उसकी कार, बाइक समेत 40 लाख रुपये से अधिक कीमत की संपत्ति पूर्व में फ्रीज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद पुलिस के अनुसार आरोपी दोबारा गांजा तस्करी में सक्रिय मिला।
चार दिन में 1 टन 145 किलो गांजा—नशे के नेटवर्क पर लगातार वार
ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस की लगातार कार्रवाई का आंकड़ा भी अब बड़ा हो गया है। पुलिस के अनुसार, पिछले चार दिनों में की गई कार्रवाइयों में कुल 1 टन 145 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है।
इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 72 लाख रुपये बताई गई है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस के अनुसार, इन कार्रवाइयों में गांजा, वाहन और अन्य सामग्री मिलाकर कुल जप्ती करीब 6 करोड़ 22 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
उड़ीसा सीमा से आने वाले रास्तों पर पुलिस की पैनी नजर
जशपुर जिला उड़ीसा और झारखंड की सीमा से जुड़ा होने के कारण मादक पदार्थों की तस्करी के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। पुलिस ने सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया है। संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है और सूचना मिलते ही कार्रवाई की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
आरोपी रोहित यादव के खिलाफ चौकी कोतबा, थाना बागबहार अपराध क्रमांक 93/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों की निगरानी में ऑपरेशन आघात जारी
आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के दिशा-निर्देश तथा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई के साथ अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।