बाल गणेश से बॉलीवुड स्टार तक… अग्र उत्सव में नन्हे सितारों ने मचाया ऐसा धमाल कि देखते रह गए दर्शकबाल गणेश से लेकर बॉलीवुड स्टार तक बने नन्हे कलाकार, महिलाओं की जबरदस्त मौजूदगी ने बढ़ाई रौनक—आज डांस के मंच पर होगा प्रतिभाओं का महासंग्राम

पत्थलगांव। अग्रसेन जयंती महोत्सव अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, महिलाओं की भागीदारी और पूरे समाज की एकजुटता का रंगीन उत्सव बन चुका है। अग्रसेन भवन का पंडाल सुबह से देर रात तक नन्हे कलाकारों की तालियों, मुस्कानों और उत्साह से गूंज रहा है। खास बात यह है कि अग्र उत्सव में इस बार महिलाओं की भागीदारी भी देखते ही बन रही है। पंडाल में समाज के छोटे-बड़े, महिला-पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में पहुंचकर हर कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठा रहे हैं।

अग्रवाल नवयुवक समिति की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं ने बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए ऐसा मंच दिया है, जिसका इंतजार समाज के बच्चों और प्रतियोगियों को पूरे साल रहता है। सर्कस थीम पर सजे आयोजन में सुबह से देर रात तक प्रतिभाओं की धूम मची हुई है।

बाल अवतार में मंच पर उतरे नन्हे भगवान

रविवार की शाम ‘भगवान के बाल अवतार बनो’ प्रतियोगिता में जब नन्हे कलाकार अलग-अलग देवी-देवताओं के रूप में मंच पर पहुंचे तो कुछ पल के लिए पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कोई बाल गणेश बना तो कोई भगवान जगन्नाथ और किसी ने माता का रूप धारण कर दर्शकों की वाहवाही लूटी।

नन्हे कलाकारों की वेशभूषा, भाव-भंगिमा और प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अनय नीरज गर्ग ने प्रथम, ईशान आयुष अग्रवाल ने द्वितीय तथा शिवाय हरिओम अग्रवाल और ईशान अनमोल अग्रवाल ने तृतीय स्थान हासिल किया।

बॉलीवुड स्टार बने तो बेटियों ने लूटी महफिल

इसके बाद ‘बॉलीवुड स्टार बनो’ प्रतियोगिता में बच्चों ने फिल्मी सितारों के अंदाज में मंच पर जलवा बिखेरा। इस मुकाबले में बेटियों का दबदबा रहा। नव्या अंकित अग्रवाल ने पद्मावती की भूमिका में प्रथम, मान्या मोहित अग्रवाल ने द्वितीय तथा महिमा विजय मित्तल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

आइडल बनकर बच्चों ने दिखाई अपनी सोच

‘आइडल बनो’ प्रतियोगिता में बच्चों ने देश की महान विभूतियों के व्यक्तित्व और योगदान को अपने अभिनय के जरिए मंच पर जीवंत किया। कियांश राकेश अग्रवाल प्रथम, निर्भय विकास अग्रवाल द्वितीय तथा मेहू डॉ. विकास तृतीय रहे।

खेलों में भी बच्चों ने दिखाया दम

अग्र उत्सव में केवल मंचीय कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि सुबह से ही जलेबी दौड़, गुब्बारा फोड़, ट्राई साइकिल, गुढ़लिया चलो, कुर्सी दौड़, निशाना लगाओ सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने बच्चों में जोश भर दिया। बच्चे पूरे उत्साह से प्रतियोगिताओं में शामिल हुए तो अभिभावक भी तालियों के साथ उनका हौसला बढ़ाते नजर आए।

महिलाओं की मौजूदगी ने बढ़ाई आयोजन की रौनक

अग्र उत्सव की सबसे खास तस्वीर यह भी रही कि अग्रसेन भवन का पूरा पंडाल महिलाओं की बड़ी संख्या से गुलजार नजर आया। बच्चों के कार्यक्रम देखने के लिए माताएं और समाज की महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंचीं। बच्चों की हर प्रस्तुति पर तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। आयोजन स्थल पर ऐसा माहौल बना कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाला बच्चा मंच पर था, लेकिन उसका उत्साह बढ़ाने के लिए पूरा परिवार उसके साथ खड़ा नजर आया।

एक पंडाल, एक परिवार और सामाजिक समरसता का संदेश

अग्रसेन भवन में प्रतिदिन समाज के लोगों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की जा रही है। कार्यक्रम के बाद समाज के लोग एक ही मंच के नीचे साथ बैठकर स्वल्पाहार ग्रहण कर रहे हैं। इससे सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिल रही है।

कबड्डी में केशव एंड टीम बनी चैंपियन

अग्र उत्सव के दौरान आयोजित Agra Pro Kabaddi में भी खिलाड़ियों ने जमकर दमखम दिखाया। फाइनल मुकाबले में केशव एंड टीम ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि विशेष किंग एंड टीम रनर-अप रही। मुकाबले में खिलाड़ियों के जोश और रोमांच ने दर्शकों को खूब उत्साहित किया।

आज डांस के मंच पर होगा प्रतिभाओं का महासंग्राम

अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत 5 अक्टूबर, सोमवार की रात 9 बजे अग्रसेन भवन में डांस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागी अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Agra Little Dance में कक्षा 2 से 5वीं तक के बच्चे, Dance Agra Dance में कक्षा 6 से 8वीं तक के विद्यार्थी और Agra Open Showdown में कक्षा 9वीं से ऊपर के प्रतिभागी मंच पर उतरेंगे। प्रत्येक प्रस्तुति के लिए अधिकतम 2 मिनट 30 सेकंड का समय निर्धारित किया गया है।

खास बात यह है कि Agra Little Dance और Dance Agra Dance में प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को समापन समारोह में स्टेज पर डांस करने का विशेष मौका मिलेगा।

अनिल मित्तल बोले—बच्चों की प्रतिभा को मंच देना ही असली उत्सव

अग्रवाल सभा अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि अग्रसेन जयंती केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि समाज की नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को मंच देने का अवसर भी है। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और मंचीय प्रतिभा को निखारती हैं।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष सर्कस थीम के साथ आयोजित कार्यक्रमों को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह है। समाज की युवा पीढ़ी ही भविष्य की ताकत है और उसकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना सभी की जिम्मेदारी है।

अग्र उत्सव में सुबह से देर रात तक गूंजती तालियां, मंच पर चमकते नन्हे सितारे और पंडाल में उमड़ता समाज—पत्थलगांव का अग्रसेन भवन इन दिनों सचमुच उत्सव, उमंग और सामाजिक एकता का जीवंत मंच बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button