


मुकेश अग्रवाल
जशपुर। सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर निजी पलों को रिकॉर्ड कर ब्लैकमेलिंग और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी! ऑनलाइन पहचान के दुरुपयोग के एक गंभीर मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवती की निजी तस्वीरें और वीडियो प्रसारित करने तथा उसे धमकी देने के आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 24 वर्षीय शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा, पिता कृष्ण पाल, के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
4Fun ऐप से शुरू हुई पहचान, फिर व्हाट्सएप पर बढ़ी बातचीत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 21 जनवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अप्रैल 2024 में उसकी पहचान 4Fun एप्लीकेशन के माध्यम से शोवित कुशवाहा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता पर दबाव बनाकर वीडियो कॉल के जरिए उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल कर लिए तथा उनकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली। बाद में आरोपी ने कथित तौर पर इन तस्वीरों और वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित कर दिया। इतना ही नहीं, बातचीत बंद करने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ अपराध, आरोपी हो गया था फरार
पीड़िता की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 एवं 351 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 और 67(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के गृह क्षेत्र उत्तर प्रदेश में उसकी तलाश की, लेकिन वह घटना के बाद से फरार बताया जा रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र और पुलिस की तकनीकी टीम को सक्रिय किया गया तथा संभावित ठिकानों पर लगातार पतासाजी की गई।
दिल्ली में मिला सुराग, जशपुर से पहुंची पुलिस टीम
लगातार तलाश के बीच पुलिस को आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली। इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली से विशेष टीम दिल्ली भेजी गई। पुलिस टीम ने तलाश कर आरोपी को हिरासत में लिया और जशपुर लेकर आई।
मोबाइल में मिले अहम साक्ष्य, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया, जिसमें दो सिम कार्ड इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई। विवेचना के दौरान गवाहों की मौजूदगी में मोबाइल के व्हाट्सएप और गैलरी का अवलोकन किया गया। इस प्रक्रिया का पंचनामा तैयार करने के साथ आवश्यक स्क्रीनशॉट भी लिए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता और आरक्षक अविनाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील—ब्लैकमेलिंग के सामने चुप न रहें
जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि सोशल मीडिया या किसी ऑनलाइन माध्यम से किसी की निजी तस्वीरों अथवा वीडियो का दुरुपयोग किया जाता है, अश्लील सामग्री प्रसारित की जाती है या ब्लैकमेलिंग और धमकी दी जाती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। ऐसे मामलों में चुप रहने के बजाय समय पर शिकायत दर्ज कराना जरूरी है।