पत्थलगांव के इंजको में गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा की रसधारा 24 मई से 31 मई तक वनदेवी मंदिर प्रांगण में होगा संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ सप्ताह का भव्य आयोजन

मुकेश अग्रवाल

Related Articles

पत्थलगांव। ग्राम इंजको स्थित वनदेवी मंदिर परिसर में 24 मई से 31 मई 2026 तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ सप्ताह का भव्य आयोजन किया जाएगा। अधिमास के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का श्रवण कर सकेंगे। आयोजन माँ वनदेवी परिवार इंजको, तहसील पत्थलगांव, जिला जशपुर द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार 24 मई को प्रातः 10 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कथा का वाचन आचार्य श्री दिलीप उपाध्याय जी महाराज (श्रीधाम वृन्दावन) द्वारा किया जाएगा, जो अपनी मधुर एवं भक्तिमय वाणी से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन को परम पूज्य श्री मलूक पीठाधीश्वर डॉ. श्री राजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज एवं पूज्य गुरुदेव डॉ. नारायणदत्त श्रीमाली जी का आशीर्वाद प्राप्त है।

कथा के प्रथम दिवस श्रीमद्भागवत महात्म्य, चौबीस अवतार कथा, कुंती-भीष्म स्तुति एवं परीक्षित-शुकदेव मिलन का वर्णन होगा।

25 मई को विराट वर्णन, कपिल उपाख्यान, धर्म वर्णन, वराह अवतार एवं शिव चरित्र की कथा सुनाई जाएगी।

26 मई को ध्रुव चरित्र, पृथु चरित्र, पुरंजन उपाख्यान, जड़ भरत कथा एवं भगवान नरसिंह अवतार का वर्णन होगा।

27 मई को गजेन्द्र मोक्ष, समुद्र मंथन, वामन अवतार, श्रीराम कथा एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

28 मई को श्रीकृष्ण बाल लीला, माखन चोरी, कालिया मर्दन लीला एवं गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन होगा।

29 मई को महारास लीला, कंस वध, उद्धव-गोपी संवाद एवं रुक्मिणी विवाह की प्रस्तुति होगी।

30 मई को सुदामा चरित्र, कृष्ण-उद्धव संवाद, राजा परीक्षित मोक्ष, शुकदेव पूजन, दत्तात्रेय उपाख्यान एवं कथा विश्राम होगा।

वहीं 31 मई रविवार को हवन एवं विशाल भण्डारा का आयोजन हवन पश्चात दोपहर 1 बजे से किया जाएगा।

आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों एवं भागवत प्रेमियों से सपरिवार एवं इष्टमित्रों सहित उपस्थित होकर कथा अमृत का लाभ लेने की अपील की है।

“बिन सत्संग विवेक न होई, राम कृपा बिन सुलभ न सोई” की भावना के साथ आयोजित यह धार्मिक आयोजन ग्राम इंजको सहित पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर करेगा।

Back to top button