जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन किराना चोरी” सफल : लाखों की चोरी का खुलासा, खरीददार समेत 6 आरोपी गिरफ्तार सीसीटीवी, साइबर ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र के दम पर जशपुर पुलिस ने चोर गिरोह को दबोचा, झारखंड तक पहुंची कार्रवाई

मुकेश अग्रवाल

जशपुर। जशपुर शहर के चर्चित किराना दुकान चोरी कांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चोरी करने वाले गिरोह सहित चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस हाईप्रोफाइल चोरी मामले में पुलिस ने कुल 06 आरोपियों को दबोचा है, जबकि चोरी का लाखों रुपये का सामान, नगदी और वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया गया है।

घटना जशपुर के लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित विक्रम किराना दुकान में हुई थी, जहां 08 और 09 मई 2026 की दरमियानी रात बदमाशों ने शटर का ताला तोड़कर लाखों रुपये का राशन व खाद्य सामग्री पार कर दी थी। चोरी की इस वारदात के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश था और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव बढ़ गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जांच के दौरान पुलिस को नवाटोली, बनिया टोली, सरना टोली और करबला रोड क्षेत्र के कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने दबिश देकर विरेन्द्र भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी और पमित बरला को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की पूरी साजिश उगल दी।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी नवाजिश खान के साथ मिलकर दुकान में चोरी की थी और चोरी का सामान ऑटो में भरकर झारखंड के गुमला जिले में अमृत लाल केरकेट्टा नामक दुकानदार को बेच दिया था। इसके बाद जशपुर पुलिस की टीम तत्काल झारखंड पहुंची और ग्राम सकतारा थाना जारी क्षेत्र से चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी अमृत लाल केरकेट्टा को भी गिरफ्तार कर लिया।

इधर मुख्य आरोपी नवाजिश खान पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गया था, लेकिन साइबर टीम की मदद से उसे सिमडेगा, झारखंड से धर दबोचा गया।

बरामद हुआ भारी मात्रा में चोरी का सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से —

58 डिब्बा 13 लीटर वाला रिफाइन तेल

07 बोरी चावल

15 पाउच रिफाइन तेल

34 बोतल सरसों तेल

01 पेटी साबुन

36 पैकेट सिगरेट

चोरी के माल की बिक्री से मिले 1005 रुपये

तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक JH-07-E-7736

को जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी

विरेन्द्र भगत उर्फ लड्डू – नवाटोली जशपुर

अजय रवानी – बनिया टोली जशपुर

कार्तिक भगत – नवाटोली जशपुर

पमित बरला – सरना टोली जशपुर

अमृत लाल केरकेट्टा – सकतारा, थाना जारी जिला गुमला (चोरी का माल खरीददार)

नवाजिश खान – करबला रोड जशपुर

पुलिस ने पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी नवाजिश खान को सिमडेगा से लाकर न्यायालय में पेश किया जाएग

एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। चोरी, लूट और संगठित अपराध में शामिल आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, साइबर सेल के उपनिरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Back to top button