गोवा के आलीशान विला से चल रहा था करोड़ों का IPL सट्टा साम्राज्य, रायगढ़ पुलिस ने मारी ऐसी रेड कि उड़ गए माफियाओं के होश!दुबई से आती थी ID… गोवा से चलता था खेल… रायगढ़ पुलिस ने क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट की तोड़ी कमर!”

  1. मुकेश अग्रवाल

रायगढ़ में इस बार पुलिस ने ऐसा “सिक्सर” मारा है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के बड़े-बड़े खिलाड़ी भी क्लीन बोल्ड हो गए। IPL के नाम पर करोड़ों का काला खेल खेलने वाले हाईटेक सट्टा सिंडिकेट पर रायगढ़ पुलिस ने ऐसा प्रहार किया कि गोवा के आलीशान विला में बैठे सट्टा माफियाओं की रातों की नींद उड़ गई।

Related Articles

एसएसपी शशि मोहन सिंह की अगुवाई में रायगढ़ पुलिस ने मध्य भारत के सबसे बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर ऐसा ऑपरेशन चलाया, जिसकी गूंज अब रायगढ़ से लेकर रायपुर, नागपुर और गोवा तक सुनाई दे रही है।

यह कोई मामूली सट्टेबाज नहीं थे। ये वो खिलाड़ी थे जो मोबाइल स्क्रीन पर क्रिकेट मैच शुरू होने से पहले करोड़ों का खेल सेट कर देते थे। “अभिनंदन बुक”, APK बेस्ड TV ऐप, वर्चुअल कॉलिंग नेटवर्क और हवाला चैनल के जरिए पूरा सिंडिकेट हाईटेक तरीके से ऑपरेट हो रहा था।

गोवा के लग्जरी विला में छापा… और फिर मच गया हड़कंप

पुलिस को जैसे ही खाईवाल “मन्नू नथानी” गैंग से जुड़े तार मिले, वैसे ही साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी जाल बिछा दिया। लोकेशन ट्रेस हुई गोवा… और फिर शुरू हुआ असली खेल।

कैंडोलिम बीच इलाके के एक किराए के लग्जरी विला में जब रायगढ़ पुलिस ने दबिश दी, तब अंदर बैठे सट्टा ऑपरेटरों के चेहरे का रंग उड़ चुका था। कोई मोबाइल डिलीट कर रहा था, कोई हिसाब-किताब की डायरी गायब करने में लगा था तो कोई फरार होने की तैयारी कर चुका था। लेकिन SSP की टीम ने सबका “गेम ओवर” कर दिया।

मौके से अमित मित्तल, मोहित सोमानी, राहुल उर्फ बाबू खंडेलवाल समेत छह बड़े सट्टा संचालक दबोचे गए। पुलिस ने 10 मोबाइल जब्त किए हैं, जिनमें करोड़ों के सट्टे और हवाला ट्रांजैक्शन के डिजिटल सबूत मिले हैं।

हवाला का खेल… नोटों के सीरियल नंबर से करोड़ों ट्रांसफर

जांच में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। गैंग हवाला के जरिए पैसों का लेनदेन करता था। भरोसे का स्तर ऐसा कि सिर्फ नोटों के सीरियल नंबर भेजकर लाखों-करोड़ों की रकम ट्रांसफर हो जाती थी।

सूत्रों के मुताबिक एक IPL सीजन में करोड़ों रुपए का लेनदेन हुआ है। इससे पहले भी रायगढ़ पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों से एक करोड़ रुपए से ज्यादा नकदी बरामद कर चुकी है।

7 सेकंड पहले देख लेते थे मैच… फिर लगाते थे करोड़ों का दांव

यह सिंडिकेट APK बेस्ड “प्रगति TV” और “स्टार लाइव” जैसे ऐप इस्तेमाल करता था, जिनमें लाइव मैच आम टीवी से करीब 7 सेकंड पहले दिखाई देता था। बस… यही 7 सेकंड इन सटोरियों को करोड़पति बना रहे थे।

ऊपर से भाव आता था, नीचे एजेंटों तक पहुंचता था और फिर प्लेयर्स के मोबाइल में करोड़ों का दांव लग जाता था। “All Panel Exchange”, “Taj 777” और “Diamond Exchange” जैसी बेटिंग आईडी के जरिए पूरा ऑनलाइन जुआ साम्राज्य चल रहा था।

दुबई से ID… रायपुर से लाइन… गोवा से ऑपरेशन

पुलिस जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क की जड़ें दुबई तक फैली हैं। महादेव सट्टा ऐप की तर्ज पर क्रिकेट बेटिंग ID महानगरों से सप्लाई होती थी और फिर रायगढ़, रायपुर, सक्ती और नागपुर तक इसका नेटवर्क फैलाया जाता था।

 

रायगढ़ पुलिस कप्तान शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा है—

“ऑनलाइन सट्टा, हवाला और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। तकनीक आधारित अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की आर्थिक जड़ों, हवाला चैनल और अप-लिंक तक पहुंचने में जुटी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस हाईटेक क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट से जुड़े कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

Back to top button