“शादी का सपना दिखाकर 4 साल तक करता रहा शोषण… अब अदालत ने सुनाई 10 साल की सजा” कुनकुरी दुष्कर्म मामले में न्यायालय का बड़ा फैसला, आरोपी वासिफ अंसारी को 10 वर्ष कठोर कारावास

“मुकेश अग्रवाल
जशपुर/कुनकुरी।
शादी का झांसा देकर युवती का वर्षों तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को आखिरकार कानून ने सख्त सजा दे दी। कुनकुरी थाना क्षेत्र के चर्चित दुष्कर्म मामले में विशेष न्यायालय ने आरोपी वासिफ अंसारी को 10 साल के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
मामले में यह फैसला विशेष न्यायाधीश अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण न्यायालय द्वारा 15 मई 2026 को सुनाया गया। आरोपी पर आरोप था कि उसने प्यार और शादी का झांसा देकर पीड़िता का करीब चार वर्षों तक लगातार शारीरिक शोषण किया और शादी की बात आने पर फरार हो गया।
मोबाइल पर शुरू हुई दोस्ती, फिर प्यार के नाम पर धोखा
पीड़िता ने थाना कुनकुरी में दर्ज रिपोर्ट में बताया था कि वर्ष 2018 में उसकी मुलाकात आरोपी वासिफ अंसारी से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे आरोपी ने प्रेमजाल में फंसाकर शादी का वादा किया।
वर्ष 2019 से आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म करना शुरू किया। पीड़िता को लगातार भरोसा दिलाया जाता रहा कि जल्द शादी होगी, लेकिन जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी 3 जनवरी 2024 को बिना बताए फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पीड़िता की शिकायत पर थाना कुनकुरी में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(N) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी एवं तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनील सिंह द्वारा की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को वर्ष 2024 में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
कुशल विवेचना और मजबूत पैरवी से मिली सजा
पुलिस की मजबूत विवेचना, साक्ष्यों के सटीक संकलन और लोक अभियोजक अजीत रजक की प्रभावी पैरवी के चलते न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार दिया।
अदालत ने आरोपी को 10 वर्ष के सश्रम कारावास, 10 हजार रुपये के अर्थदंड तथा अर्थदंड नहीं भरने की स्थिति में अतिरिक्त 6 माह के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
महिलाओं के खिलाफ अपराध पर पुलिस सख्त
पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




