ऑपरेशन शंखनाद का बड़ा धमाका : जशपुर पुलिस ने गौ तस्करों की तोड़ी कमर, 27 गौ वंश मौत के मुंह से छुड़ाए भोर होते ही लोदाम में गूंजा पुलिस का शंखनाद, तस्कर ट्रक छोड़ जंगल में भागे

मुकेश अग्रवाल

Related Articles

जशपुर/लोदाम।

जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार गौ तस्करों पर कहर बनकर टूट रहा है। सोमवार की तड़के सुबह लोदाम पुलिस ने ऐसी तगड़ी कार्रवाई की, जिससे गौ तस्करों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक ट्रक से 27 नग गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया, जबकि आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि तस्कर निर्दयता की सारी हदें पार करते हुए गौ वंशों को ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरकर झारखंड की ओर ले जा रहे थे। लेकिन इससे पहले कि उनका काला खेल सफल हो पाता, लोदाम पुलिस की सतर्क पेट्रोलिंग टीम उनके लिए काल बनकर सामने आ गई।

सुबह 4 बजे हाईवे पर दिखा संदिग्ध ट्रक, पुलिस ने किया पीछा

जानकारी के मुताबिक थाना लोदाम पुलिस टीम सुबह करीब 4 बजे पेट्रोलिंग पर निकली हुई थी। इसी दौरान रूपसेरा के पास नेशनल हाईवे पर ट्रक क्रमांक JH-01 AR-7060 संदिग्ध हालत में आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब ट्रक को रोकने का इशारा किया, तो चालक वाहन को और तेज रफ्तार से भगाने लगा।

इसके बाद पुलिस टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस की घेराबंदी और पीछा देख तस्करों के होश उड़ गए। भलमंडा चौक के पास आरोपी ट्रक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।

ट्रक खोलते ही पुलिस भी रह गई दंग

जब पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। ट्रॉली में 27 गौ वंशों को बेरहमी से ठूंसकर भरा गया था। कई गौ वंशों की हालत बिगड़ चुकी थी। पुलिस ने तत्काल सभी गौ वंशों को बाहर निकलवाया और पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

तस्करों पर कसा शिकंजा, ट्रक जप्त

लोदाम पुलिस ने मामले में

छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा

पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

इन पुलिस जवानों ने निभाई अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बसंत खुटिया, सुरेन्द्र एक्का और गजानंद की सराहनीय भूमिका रही।

 

जशपुर पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह ने साफ शब्दों में कहा—

“लोदाम क्षेत्र में गौ तस्करी कर रहे ट्रक से 27 गौ वंशों को मुक्त कराया गया है। फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है। ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा और गौ तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”

Back to top button