ऑपरेशन शंखनाद जारी : जशपुर पुलिस ने टाटा सुमो से 05 गौवंश कराए मुक्त, फरार गौ तस्कर भी गिरफ्तार पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करों पर लगातार शिकंजा लोदाम पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक वाहन जब्त, आरोपी जेल भेजा गया

मुकेश अग्रवाल
जशपुर। जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में थाना लोदाम पुलिस ने तस्करी कर ले जाए जा रहे 05 नग गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया है। वहीं गौ तस्करी के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी महबूब शाह उर्फ हगन महबूब उर्फ लकड़ बाबा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 07 मई 2026 की सुबह लगभग 05:30 बजे थाना लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक टाटा सुमो गोल्ड वाहन में पीछे की सीट निकालकर गौवंशों को बेरहमीपूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही लोदाम पुलिस ने आरटीओ बैरियर पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान जशपुर की ओर से आ रही संदिग्ध टाटा सुमो गोल्ड वाहन क्रमांक CG-07-AN-1089 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से भगाने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। कुछ दूरी पर ग्राम पीड़ी मार्ग स्थित झाबू नदी पुल के पास वाहन चालक और उसमें सवार अन्य आरोपी वाहन छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
जब पुलिस टीम वाहन तक पहुंची तो देखा कि वाहन की पीछे की सीट हटाकर उसमें 05 गौवंशों को अमानवीय तरीके से भरकर रखा गया था। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस संबंध में थाना लोदाम में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुराने मामले का फरार आरोपी भी गिरफ्तार
लोदाम पुलिस ने गौ तस्करी के एक अन्य मामले में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार आरोपी महबूब शाह उर्फ हगन महबूब उर्फ लकड़ बाबा उम्र 30 वर्ष निवासी साईं टांगर टोली थाना लोदाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि दिनांक 12 फरवरी 2026 को लोदाम पुलिस ने ग्राम कोनबीरा जंगल क्षेत्र से एक पिकअप वाहन में 12 नग गौवंश बरामद किए थे। इस दौरान रेकी कर रहे वैगनआर वाहन से दो गौ तस्करों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी महबूब शाह फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसके गांव में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, आरक्षक राजू लकड़ा, सुरेंद्र राम एवं बसंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन शंखनाद” आगे भी लगातार जारी रहेगा।




