पुलिस कप्तान डॉ. लाल उम्मेद सिंह का दमदार संदेश — “हेलमेट है तो जिंदगी सेफ”  पत्थलगांव में सड़क सुरक्षा को लेकर निकली ऐतिहासिक बाइक रैली, सैकड़ों लोगों ने दिया जागरूकता का संदेश

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर पुलिस प्रशासन ने जागरूकता अभियान चलाया, । पुलिस कप्तान डॉ. लाल उम्मेद सिंह के नेतृत्व में पत्थलगांव की सड़कों पर इतिहास रचते हुए भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें प्रशासन, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधि और आम नागरिकों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा।

सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग एक ही संदेश के साथ सड़क पर उतरे — “हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं”। शहर के तीनों प्रमुख मार्गों पर जब हेलमेटधारी बाइक सवारों का काफिला गुजरा, तो हर किसी की नजरें ठहर गईं। यह नज़ारा सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का मजबूत संदेश बन गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह, एसडीएम रितु राज सिंह बिसेन, तहसीलदार जयश्री राजन, भीष्म पटेल, जनपद सीईओ के.के. श्रीवास, एसडीओपी पत्थलगांव, नगर पालिका अध्यक्ष, टीआई विनीत पांडे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मैरिज गार्डन पहुंचकर समाप्त हुई, जहां नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सिंह ने सभी को यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने की शपथ दिलाई।

 कप्तान का कड़ा संदेश – आंकड़ों ने चौंकाया

पुलिस कप्तान डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा—

“सर सलामत है तो जिंदगी है। हेलमेट सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, सही तरीके से बांधकर पहनना जरूरी है।”

उन्होंने बताया कि जशपुर जिले में सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं—

वर्ष 2025 में 79 लोग दुर्घटनाओं का शिकार हुए

वर्ष 2026 में अब तक 82 हादसे दर्ज

सिर्फ साढ़े तीन महीने में 29 लोगों की मौत

इनमें अधिकांश मामलों में नशे में वाहन चलाना बड़ी वजह बनकर सामने आया है। उन्होंने लोगों से “राजवीर योजना” की जानकारी लेने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की।

जनता ने बताया ‘ऐतिहासिक पहल’

नगरवासियों ने इस बाइक रैली की जमकर सराहना की और इसे सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम बताया। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह जागरूकता अभियान चलते रहे, तो निश्चित ही दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

 

Back to top button