पत्थलगांव में जगह-जगह विराजे भगवान विश्वकर्मा, भक्ति में डूबा पूरा शहर बढ़ई संघ ने सजाया भव्य पंडाल, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना; आज विशाल भंडारा, विसर्जन पर डीजे की धुन पर निकलेगी शोभायात्रा

मुकेश अग्रवाल

 

पत्थलगांव। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पत्थलगांव का माहौल इन दिनों पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है। नगर में जगह-जगह भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। सुबह से ही पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों का दौर चल रहा है, वहीं पंडालों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है।

इसी कड़ी में पत्थलगांव कारपेंटर (बढ़ई) संघ द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में भगवान विश्वकर्मा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। संघ द्वारा आकर्षक पंडाल तैयार कर बाबा विश्वकर्मा को विराजित किया गया है। कई वर्षों से कारपेंटर संघ द्वारा यहां भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती रही है और इस वर्ष भी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पूरे उत्साह के साथ आयोजन किया जा रहा है।

 

सुबह से गूंजे पूजा के मंत्र, बाबा विश्वकर्मा से मांगा सफलता का आशीर्वाद

 

प्रतिमा स्थापना के बाद कारपेंटर संघ के सदस्यों ने विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि, व्यवसाय में उन्नति और कार्यों में सफलता का आशीर्वाद मांगा।

 

पूजा-अर्चना के साथ ही पंडाल में धार्मिक माहौल बना रहा। भगवान विश्वकर्मा के दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्र से भी लोग पहुंच रहे हैं।

 

आज विशाल भंडारा, प्रसाद पाने उमड़ेंगे श्रद्धालु

 

कारपेंटर संघ द्वारा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है। भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। संघ के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं।

 

कारपेंटर संघ के धीरज शर्मा, पप्पू राणा, संतोष शर्मा, सुनील शर्मा, अनिल राणा, गोपी शर्मा, प्रदीप ठाकुर, प्रदीप बढ़ई, भुवन यादव, विजय राणा, दिनेश, महेश ,अनिल,नेताजी,सुरेन्द्र,नारायण बढ़ई सहित अन्य सदस्य पूजा-अर्चना के साथ भंडारे की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

 

गोमती साय पहुंचीं पंडाल, भगवान विश्वकर्मा का लिया आशीर्वाद

 

पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय भी कारपेंटर संघ के पंडाल पहुंचीं। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और कारपेंटर संघ के सभी सदस्यों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।

 

ड्राइवर संघ ने भी स्थापित की प्रतिमा

 

पत्थलगांव में ड्राइवर संघ द्वारा भी भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। इसके अलावा नगर के विभिन्न स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। हर पंडाल में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। ड्राइवर संघ के समीर, शंकर ,दिगंबर सहित सभी ड्राइवर तैयारी में जुटे हैं।

 

विसर्जन की तैयारी अंतिम चरण में

 

भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के विसर्जन को लेकर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विसर्जन के दौरान डीजे की धुन और धार्मिक उत्साह के बीच शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए आयोजकों द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

 

जगह-जगह सजे पंडाल, भगवान विश्वकर्मा की मनमोहक प्रतिमाएं, पूजा-अर्चना, भंडारे और धार्मिक आयोजनों के चलते इन दिनों पूरा पत्थलगांव विश्वकर्मा भक्ति में डूबा नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button