पत्थलगांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, गंभीर चोटों के बाद अस्पताल में भर्ती हुई थी पत्नी, पुलिस ने आरोपी पति को दबोचकर भेजा जेल

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। मामूली सवाल पर इतना आक्रोश कि पति अपनी ही पत्नी की जान लेने पर उतारू हो गया। पत्नी ने सिर्फ इतना पूछा कि आखिर वह कमरे में क्या खोज रहा है, लेकिन यह बात पति को इतनी नागवार गुजरी कि उसने मोटरसाइकिल के पहिए का नट खोलने-कसने वाले लोहे के रिंग पाना से पत्नी के सिर पर एक-दो नहीं, बल्कि लगातार तीन वार कर दिए। हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी पति को आखिरकार पत्थलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह सनसनीखेज मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम झक्कड़पुर (बंधन पारा) का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी करम साय तिर्की (36 वर्ष) ने 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे अपनी पत्नी नबिना तिर्की पर जानलेवा हमला किया था।
बताया जाता है कि घटना की रात आरोपी अपने कमरे में लोहे का रिंग पाना खोज रहा था। इसी दौरान पत्नी नबिना ने उससे पूछ लिया कि वह क्या ढूंढ रहा है। बस इतनी सी बात पर आरोपी आगबबूला हो गया। उसने पत्नी को धमकी देते हुए कहा कि तुम पूछने वाली कौन होती हो, आज तुम्हें जान से मार दूंगा। इसके बाद उसने लोहे के रिंग पाना से पत्नी के सिर पर लगातार तीन बार वार कर दिए। हमले में महिला के सिर पर तीन जगह गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा।
घटना की जानकारी मिलने पर आरोपी के पिता सुखसाय तिर्की ने फोन कर इसकी सूचना अपने दूसरे बेटे जयराम तिर्की को दी। जयराम तत्काल घर पहुंचा और घायल भाभी को देखकर उसे उपचार के लिए डिवाइन अस्पताल पत्थलगांव में भर्ती कराया। इसके बाद 4 अगस्त को थाना पत्थलगांव पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
तीन महीने तक पुलिस को दे रहा था चकमा, आखिरकार अपने ही गांव में दबोचा गया
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 166/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। चिकित्सकीय परीक्षण में पीड़िता को गंभीर चोटें आना पाया गया। पुलिस ने पीड़िता, प्रार्थी और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं वारदात के बाद से आरोपी करम साय तिर्की फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
इसी बीच 30 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गृह ग्राम झक्कड़पुर में देखा गया है। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस की टीम ने तत्काल गांव पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का रिंग पाना भी बरामद कर जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, उप निरीक्षक विदवा राम यादव एवं प्रधान आरक्षक सुभाष नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।