रथ मेले की भीड़ में गले से सोने की चेन उड़ाने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार, ड्रोन कैमरे ने खोला राज!

 

 मुकेश अग्रवाल

रथ मेले की भारी भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गले से लाखों रुपये की सोने की चेन पार करने के मामले में दुलदुला पुलिस ने आखिरकार दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस पूरे मामले में पुलिस की जांच का सबसे दिलचस्प पहलू ड्रोन कैमरे से मिले वीडियो फुटेज रहे, जिनमें पीड़िता के आसपास संदिग्ध महिलाएं नजर आईं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की और अंततः दो महिलाओं तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

मामला दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम कस्तूरा में 16 जुलाई 2026 को आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेले का है। सन्ना रोड जशपुर निवासी सरमा देवी अपने परिजनों के साथ मेला देखने पहुंची थीं। भीड़ के बीच अचानक उन्हें पता चला कि उनके गले में पहनी करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन गायब हो चुकी है। भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने चेन पर हाथ साफ कर दिया था।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना दुलदुला में अपराध क्रमांक 46/26 तथा बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जब ड्रोन फुटेज बना पुलिस का ‘तीसरा आंख’

मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रथ मेले में ड्रोन कैमरे से वीडियो और फोटो बनाए जा रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरा संचालक से संपर्क कर घटना के दिन की रिकॉर्डिंग हासिल की।

पुलिस ने फुटेज को बारीकी से खंगाला तो पीड़िता के आसपास संदिग्ध तरीके से खड़ी कुछ महिलाएं दिखाई दीं। इसके बाद संदिग्ध महिलाओं के फोटो निकालकर विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए गए और उनकी पहचान के लिए लगातार पतासाजी शुरू की गई।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फुटेज में नजर आ रही संदिग्ध महिलाएं सोनिया बाई और अनिता बाई, ग्राम पत्ताकेला, बगीचा की निवासी हैं।

पुलिस ने दबोचा, पूछताछ में खुला पूरा खेल

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने एक अन्य महिला साथी के साथ मिलकर मेले की भीड़ का फायदा उठाते हुए सरमा देवी के गले से सोने की चेन चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है, बरामद कर विधिवत जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनिया बाई उम्र 30 वर्ष और अनिता बाई उम्र 35 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एक महिला साथी अभी भी फरार

पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल एक अन्य महिला आरोपी की भी पहचान कर ली गई है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है

मामले में जशपुर पुलिस  पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के दिशा-निर्देशन में कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button