पत्थलगांव थाने की कमान अब जितेंद्र ताम्रकार के हाथों, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा!
कांसाबेल से आए नए TI ने संभाली जिम्मेदारी, बोले—‘बेसिक पुलिसिंग और ट्रैफिक व्यवस्था होगी पहली प्राथमिकता’



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। जशपुर जिले के सबसे बड़े और संवेदनशील थानों में शुमार पत्थलगांव थाना अब नए थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार के नेतृत्व में नजर आएगा। कांसाबेल थाना से स्थानांतरित होकर पहुंचे टीआई जितेंद्र ताम्रकार ने पत्थलगांव थाने की कमान संभाल ली है।
पदभार संभालते ही नए थाना प्रभारी ने अपना एजेंडा साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने के साथ क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करना होगी। शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर आम लोगों को होने वाली परेशानियों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
अवैध कारोबारियों की अब खैर नहीं!
टीआई ताम्रकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि पत्थलगांव क्षेत्र में अवैध शराब, अवैध कबाड़, जुआ और सट्टा जैसे गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नए थाना प्रभारी के तेवरों से साफ है कि आने वाले दिनों में पत्थलगांव पुलिस का फोकस अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और बेहतर पुलिसिंग पर रहने वाला है।