“फरसाबहार शिक्षा विभाग में शासन का डंडा! BEO अटैच, BRC सस्पेंड के निर्देश, ABEO भी हटे”

मुकेश अग्रवाल

जशपुर/फरसाबहार। जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के शिक्षा विभाग में शिकायतों और जांच के बाद शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), विकासखंड स्रोत समन्वयक (BRC) और सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) के खिलाफ हुई शिकायतों के बाद विभागीय स्तर पर की गई जांच के पश्चात तीनों अधिकारियों पर अलग-अलग कार्रवाई की गई है।

मामले ने उस समय तूल पकड़ा जब शिक्षक फेडरेशन की ओर से अधिकारियों पर शिक्षकों को कथित रूप से डराने-धमकाने और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए गए। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से भी इन अधिकारियों के खिलाफ उच्च स्तर पर शिकायतें किए जाने की बात सामने आई।

कलेक्टर ने गठित कराई जांच टीम

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सिंह की अगुवाई में जांच टीम गठित की गई। टीम द्वारा शिकायतों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। जांच रिपोर्ट के बाद अब शासन/प्रशासन ने फरसाबहार शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है।

तीनों अधिकारियों पर अलग-अलग कार्रवाई

जांच के बाद BEO दुर्गेश देवांगन को जिला पंचायत कार्यालय में अटैच किया गया है। वहीं BRC देवेंद्र सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा ABEO रविन्द्र नाथ साय को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अटैच किया गया है।

कार्रवाई के बाद शिक्षा महकमे में मचा हड़कंप

एक ही विकासखंड के तीन जिम्मेदार अधिकारियों पर एक साथ कार्रवाई होने से फरसाबहार के शिक्षा महकमे में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लंबे समय से चली आ रही शिकायतों के बाद हुई इस कार्रवाई को विभाग के लिए बड़ा संदेश माना जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे और क्या कार्रवाई होती है और क्या कथित अवैध वसूली के आरोपों की भी विस्तृत जांच होगी?

फिलहाल शासन की इस कार्रवाई ने फरसाबहार के शिक्षा विभाग में हलचल तेज कर दी है और शिक्षकों के बीच भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button