दिनदहाड़े 1 करोड़ की ज्वेलरी लेकर चंपत बदमाश! अब सुराग देने वाले को मिलेगा ₹5 हजार का इनाम, डीआईजी-एसएसपी ने की बड़ी घोषणा

 

मुकेश अग्रवाल

अंबिकापुर/सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में दिनदहाड़े करीब एक करोड़ रुपये की सोने-चांदी की ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हुए अज्ञात बदमाश की तलाश अब तेज कर दी गई है। घटना के कई दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी कराने या उसकी सटीक जानकारी देने वाले के लिए ₹5,000 के इनाम की घोषणा कर दी है।

घटना 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलरी के संचालक अरुण देव सोनी अपनी स्कूटी के सामने ज्वेलरी से भरा बैग रखकर दुकान का शटर खोल रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात शातिर बदमाश मौके का फायदा उठाकर बैग लेकर फरार हो गया। बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सीतापुर में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और विभिन्न स्तरों पर आरोपी की तलाश की गई, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने पुलिस रेग्युलेशन के प्रावधानों के तहत इनाम की घोषणा करते हुए आम जनता से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा, और आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को ₹5,000 का पुरस्कार दिया जाएगा।

इन नंबरों पर दें सूचना:

📞 पुलिस अधीक्षक, सरगुजा: 94791-93501

📞 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरगुजा: 94791-93502

📞 पुलिस कंट्रोल रूम, सरगुजा: 94791-93599

 

“एक करोड़ की ज्वेलरी उड़ाने वाला शातिर अब भी पुलिस की पकड़ से दूर… क्या आपकी एक सूचना पहुंचा सकती है उसे सलाखों के पीछे?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button